Breaking

Your Ads Here

Wednesday, May 13, 2026

सुभारती विश्वविद्यालय में स्काउट-गाइड शिविर का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों में नेतृत्व और सेवा भावना का हुआ संचार

 


नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के शिक्षा संकाय (शिक्षा विभाग) द्वारा जनरल मोहन सिंह स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित स्काउट एवं गाइड शिविर उत्साह, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह शिविर विशेष रूप से B.Ed. चौथे सेमेस्टर एवं B.L.Ed. आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 


शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व कौशल, सामाजिक सेवा, सहयोग और राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करना था। कार्यक्रम के दौरान राज्यवार टीम प्रस्तुतियाँ, आकर्षक तंबू सजावट, सांस्कृतिक नृत्य, पारंपरिक व्यंजनों से सजे फूड स्टॉल तथा विभिन्न टीम-बिल्डिंग गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रत्येक गतिविधि में भाग लेकर अपनी सृजनात्मकता और संगठन क्षमता का परिचय दिया।



इस अवसर पर ललित कला संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा को शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनोज राज तथा शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी की विशेष उपस्थिति रही, साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के डीन, विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।


सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने अपने संदेश में कहा शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास भी आवश्यक है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को जीवन के व्यावहारिक मूल्यों से जोड़ते हैं और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।


वही विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ भी जीवन में सफलता और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

स्काउट एवं गाइड शिविर का सफल संचालन डॉ. रागिनी श्रीवास्तव (समन्वयक) के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। उनके सुव्यवस्थित प्रबंधन और समर्पण के कारण पूरा कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली एवं अनुकरणीय रूप से संपन्न हुआ। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here