- मक्का में अज़ीज़िया कैटेगरी के हज यात्रियों के साथ बदइंतजामी की इंतहा!
- एक कमरे में 16-16 लोगों को रखने का आरोप,- 4-4 लाख रुपए लेने के बावजूद भी गंदे वॉशरूम, खराब लिफ्ट
सलीम सिददीकी
नित्य संदेश, मेरठ। लाख कोशिशों के बावजूद हज कमेटी ने इस बार फिर अपनी फजीहत करा ली। हज कमेटी के जरिए सऊदी अरब पहुंचे हज यात्रियों को वहां बदइंतजामी का सामना करना पड़ा। गुस्साए हज यात्रियों ने हज कमेटी के लोगों के समक्ष वहां हंगामा किया और अपने पासपोर्ट वापस मांगे।
आरोप है कि मक्का में अज़ीज़िया कैटेगरी के हज यात्रियों से चार चार लाख रुपए प्रति हज यात्री वसूले गए लेकिन सुविधाओं के नाम पर हज कमेटी ने उन्हें ठेंगा दिखा दिया। वहां पहुंचे हज यात्रियों ने आरोप लगाया कि एक छोटे कमरे में 16-16 हज यात्रियों को ठहराया गया। इसके अलावा साथ गए परिवार के लोगों को भी तितर बितर कर दिया गया। सभी को अलग-अलग ठहराया गया। हज यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि ठहरने के लिए जो कमरे उन्हें दिए गए हैं वह किसी होटल के नहीं बल्कि एक लॉज के थे। इन कमरों में 16-16 लोगों को एक साथ ठहराया गया।
यह भी आरोप है कि इन कमरों के वॉशरूम और बाथरूम दोनों बहुत गंदे थे। इनकी नालियां ब्लॉक थीं और गंदा पानी बहकर कमरों में आ रहा था, जिस कारण यह लोग नमाज के लिए वजू तक नहीं कर पा रहे हैं। मक्का में ही हज यात्रियों ने हज कमेटी के लोगों के समक्ष हंगामा किया और उन्हें लॉज की जगह होटल में ठहराने अन्यथा पासपोर्ट वापस करने की मांग की। बता दें कि हर साल हज कमेटी को इस प्रकार के विरोध का सामना करना पड़ता है।


No comments:
Post a Comment