Monday, May 11, 2026

​मेरठ: शहीद मंगल पांडे कॉलेज में स्वरोजगार कार्यशाला, गाय के गोबर से बनीं कलाकृतियां

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे  राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में समाजशास्त्र विभाग द्वारा सारथी सोशल वेलफेयर सोसाइटी  के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति के अंतर्गत  रोजगारपरक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।  जिसका उद्देश्य पंच गव्य द्वारा छात्राओं को हस्त निर्मित उत्पाद निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान करना और निर्मित उत्पाद के बाजार में उपयोगिता के विषय में जानकारी देना था। 

कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय प्राचार्य प्रो अंजू सिंह ने फीता काटकर किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा पाठ्यक्रम के साथ साथ बालिकाओं को रोजगारपरक ज्ञान देना भी होना चाहिए़। समाजशास्त्र विभाग का मिशन शक्ति के तहत यह प्रयास बहुत प्रशंसनीय है। इस कार्यशाला में प्रशिक्षक के रुप में उपस्थित श्रीमती बरखा वत्स जी द्वारा सभी छात्रों को देसी गाय के गोबर से विभिन्न हस्त निर्मित उत्पाद जैसे दिए, भगवान गणेश जी की मूर्ति, विभिन्न सजावटी वस्तुएं, गमले इत्यादि बनाने का प्रशिक्षण दिया गया ।  समाजशास्त्र विभाग की विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर लता कुमार द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया और छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यशाला के माध्यम से छात्राएं इस हस्त कला में पारंगत होकर विभिन्न वस्तुओं का निर्माण कर सकती हैं और अपने लिए स्वरोजगार केन्द्र खोल सकेंगी और अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर भारत अभियान में भागीदार बन सकती हैं। 

सारथी संस्था के अध्यक्ष कल्पना पांडे ने कहा कि उनका प्रयास रहता है की अधिक से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाएं जिससे वह अपना वह अपने परिवार का जीवन यापन कर सकें।  डाॅ. मनीषा भूषण ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राध्यापकों प्रो अनुजा गर्ग, प्रो मंजू रानी, डाॅ. भावना सिंह, डाॅ. शालिनी वर्मा ने भी सहयोग किया। सारथी संस्था की ओर से अध्यक्ष कल्पना पांडे उपाध्यक्ष दिव्यांश टंडन बुढ़ाना गेट अध्यक्ष शिवम शर्मा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाजशास्त्र सहित बी एड विभाग की छात्राओं ने भी सहभागिता की।


No comments:

Post a Comment