Breaking

Your Ads Here

Thursday, May 14, 2026

राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा किया गया एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। राजनीति विज्ञान विभाग (चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय) द्वारा एक विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों को पादप भेंट कर एवं पटका पहनाकर किया गया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग परिवार के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता (रिसोर्स पर्सन) के रूप में प्रोफेसर मिर्जा अस्मर बेग, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ उपस्थित रहे। अपने व्याख्यान में उन्होंने विश्व व्यापार संगठन (WTO) की संरचना, उसकी भूमिका तथा वैश्विक व्यापार व्यवस्था में उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय राजनीति निरंतर परिवर्तनशील अवस्था में है, जहाँ वैश्विक शक्ति-संतुलन, आर्थिक हित तथा रणनीतिक साझेदारियाँ अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने समकालीन वैश्विक राजनीति के बदलते स्वरूप को विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया। 

दूसरे वक्ता के रूप में प्रोफेसर सतीश कुमार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU), नई दिल्ली उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में भारत की विदेश नीति अनेक वैश्विक एवं क्षेत्रीय चुनौतियों से घिरी हुई है, जिनमें बदलते अंतरराष्ट्रीय समीकरण तथा आर्थिक एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दे प्रमुख हैं। इसके बावजूद भारत ने अपनी विदेश नीति में संतुलन बनाए रखते हुए वैश्विक मंच पर एक सशक्त और जिम्मेदार राष्ट्र के रूप में अपनी भूमिका को निरंतर मजबूत किया है। उन्होंने भारत की विदेश नीति की व्यावहारिकता एवं उसकी दूरदर्शिता पर भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के संरक्षक प्रोफेसर संजीव कुमार शर्मा, अधिष्ठाता कला संकाय एवं निदेशक अकादमिक, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि समसामयिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषयों की गहन समझ भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, शोध एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया तथा ऐसे कार्यक्रमों को अकादमिक वातावरण को सुदृढ़ करने वाला बताया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुषमा रामपाल, सहायक आचार्य, राजनीति विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. मुनेश कुमार, सहायक आचार्य, राजनीति विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. जयवीर सिंह, डॉ. चंचल, डॉ. रवि कुमार, डॉ. सानिया खानम, डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. रवीना टैगोर सहित विभाग के शिक्षकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here