Thursday, May 14, 2026

कागजों में दो, वितरण में तीन दुकानों का राशन!

शास्त्री नगर की सस्ते गल्ले की दुकान पर उठे सवाल

तरुण आहुजा 
नित्य संदेश, मेरठशास्त्री नगर स्थित सेक्टर 13 में लक्ष्मी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। पहले तो अवैध जगह पर चल रही दुकान ओर आरटीआई में मिली जानकारी मौके पर हो रहे वितरण में अंतर सामने आने के बाद पूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार आरटीआई के जवाब में पूर्ति निरीक्षक अंकुश की ओर से बताया गया कि राशन डीलर की दुकान पर केवल एक अन्य एजेंसी नीता रानी सस्ते गल्ले की दुकान अटैच है, लेकिन मौके पर राशन वितरण दो अन्य सस्पेंड हुई दुकानों — नीता रानी और संजीव गुप्ता — के कार्डधारकों का भी राशन वितरण किया जा रहा था । ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर कागजों में दो दुकानों का रिकॉर्ड होने के बावजूद वितरण तीन दुकानों का कैसे हो रहा है। स्थानीय लोगों और कुछ कार्डधारकों ने नाम न छापने की शर्त पर आरोप लगाया कि राशन वितरण में गड़बड़ी की जा रही है। किसी को आधा किलो तो किसी को एक किलो तक राशन कम दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। 

मामले में एक और बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ जब जानकारी मिली कि संबंधित पूर्ति निरीक्षक छुट्टी पर थे। अगर अधिकारी अवकाश पर थे तो फिर आरटीआई का जवाब किसने तैयार किया और किसके हस्ताक्षर से जानकारी जारी की गई। अब क्षेत्र में चर्चा है कि आखिर विभागीय रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत में इतना अंतर क्यों है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

No comments:

Post a Comment