Breaking

Your Ads Here

Sunday, May 3, 2026

एसी में ब्लास्ट होने से लगी आग, 9 लोगों की मौत

नित्य संदेश एजेंसी 
नई दिल्ली। शाहदरा स्थित विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई. इस भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया.

फायर कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल विभाग की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. दमकल विभाग के मुताबिक, आग बी-13 बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर लगी थी और धीरे-धीरे पूरी इमारत में फैल गई. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:25 बजे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था.

एक आग में तीन पीढ़ियां खत्म
मृतकों में 60 वर्षीय अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन (58), बेटा निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और डेढ़ साल का मासूम आकाश जैन शामिल हैं. इस एक हादसे ने एक साथ तीन पीढ़ियों को खत्म कर दिया… दादा-दादी, माता-पिता और नन्हा बच्चा, कोई भी नहीं बच सका. इमारत की पहली मंजिल पर रहने वाली 45 वर्षीय शिखा जैन भी इस हादसे की शिकार हो गईं. आग और धुएं के बीच वह बाहर नहीं निकल पाईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं तीसरी मंजिल पर रहने वाले एक और परिवार की भी आग में जान चली गई. यहां 50 वर्षीय नितिन जैन, उनकी पत्नी शैलेय जैन (करीब 48 वर्ष) और 25 वर्षीय बेटा सम्यक जैन की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह परिवार भी आग लगने के समय घर के अंदर ही था और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका.

कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया
फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब 14 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ लोग पीछे के फ्लैट में फंसे होने की आशंका थी, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी के अंदर फंसे होने से इनकार किया है.

AC ब्लास्ट से लगी आग की आशंका
इस घटना के चश्मदीदों के अनुसार, आग लगने की वजह एसी में ब्लास्ट हो सकता है. हालांकि, आग लगने के सही कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है. बताया जा रहा है कि यह चार मंजिला इमारत थी, जिसमें कुल 8 फ्लैट बने हुए थे. आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे, जिससे कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके.

सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे में 9 लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है. इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है. हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें यह कठिन समय सहने की शक्ति प्रदान करें.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के सभी आला अधिकारी राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटे हैं. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. हमारे स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी राहत कार्य में अपना सहयोग कर रहे हैं. दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ी है.’


No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here