Breaking

Your Ads Here

Saturday, May 16, 2026

​बर्निंग ट्रेन अपडेट: टला बड़ा हादसा, राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग; सुरक्षित बचाए गए सभी 68 यात्री


नित्य संदेश एजेंसी 

​रतलाम/कोटा। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12431) में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन के एसी कोच बी-1 (B-1) में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते दो डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते मुस्तैदी दिखाते हुए कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

​आलोट के पास हुआ हादसा, दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग ठप

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशनों के बीच हुआ। राजधानी एक्सप्रेस रात करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। इसका अगला स्टॉप सुबह 8:45 बजे कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने से ठीक पहले यह हादसा हो गया। आग लगने के तुरंत बाद ट्रेन को रोका गया और महज 15 मिनट के भीतर पूरा कोच खाली करा लिया गया। हादसे के बाद सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। रेलवे स्टाफ ने तत्काल ट्रेन का बिजली कनेक्शन काटा और प्रभावित कोच को बाकी ट्रेन से अलग किया।

​कोटा रेल मंडल में घटना, रतलाम से डीआरएम मौके पर रवाना

​भौगोलिक दृष्टि से घटना स्थल राजस्थान के कोटा रेल मंडल क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन रतलाम मंडल मुख्यालय के नजदीक होने के कारण रतलाम के डीआरएम अश्विनी कुमार तुरंत टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए।

​राहत और बचाव कार्य जारी

​सुबह ही घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य के लिए दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) और टॉवर वैगन को भेज दिया गया है। रेलवे के आला अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल कोच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, मामले की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here