Breaking

Your Ads Here

Monday, May 11, 2026

​इंदौर के नवलखा क्षेत्र में भीषण आग, वेल्डिंग के दौरान 5 बसें जलकर खाक, धमाकों से दहला पूरा इलाका


सपना सी.पी. साहू 

नित्य संदेश, इंदौर। इंदौर महानगर के नवलखा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण अग्निकांड हुआ, जिसमें खड़ी पांच बसें जलकर पूरी तरह राख हो गई। घटना तीन इमली स्थित पवनपुरी इलाके की है, जहां बसों के मरम्मत कार्य के दौरान अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि एक बस में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी निकली चिंगारी ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पास खड़ी चार अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि उनका धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर से भी साफ नजर आ रहा था।

हादसे के वक्त मौके पर करीब 20 से ज्यादा बसें पार्क थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों की सक्रियता से समय रहते वहां से हटा लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग बुझाने के दौरान चार जोरदार धमाके भी सुनाई दिए, जिससे आसपास की रिहायशी बस्तियों में दहशत फैल गई और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। माना जा रहा है कि ये धमाके बसों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने की वजह से हुए। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने लगभग एक घंटे के कड़े प्रयास के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया।

​इस घटना के विरोध में स्थानीय पार्षद मनीष शर्मा मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि रहवासी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और उनके मरम्मत कार्य को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद का कहना है कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता और बसों को यहां से हटाया नहीं जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here