नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के फैशन एवं टेक्सटाइल डिजाइन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह को बीट्स ऑफ डांस प्रोडक्शन हाउस द्वारा आयोजित “मिस्टर एंड मिसेज इंडिया सुपर मॉडल हंट सीजन-6” एवं “डांस बूस्टर सीजन-10” के ग्रैंड फिनाले में प्रतिष्ठित “क्रिस्टल अवॉर्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह भव्य समारोह मेरठ स्थित ग्रैंड ड्रीम रिज़ॉर्ट में आयोजित हुआ, जिसमें फैशन, कला, नृत्य और शिक्षा जगत की अनेक नामचीन हस्तियों ने सहभागिता की।
डॉ. नेहा सिंह को फैशन शिक्षा, डिज़ाइन नवाचार, शैक्षणिक नेतृत्व तथा युवा प्रतिभाओं के मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर शहर की अनेक प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली हस्तियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मनोरंजन एवं फैशन जगत की चर्चित हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामयी बना दिया। प्रसिद्ध कोरियोग्राफर, अभिनेता एवं ग्रैंड फिनाले जज टेरेंस लुईस विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन कला, फैशन, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के उत्सव के रूप में संपन्न हुआ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने डॉ. नेहा सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय बल्कि सम्पूर्ण शैक्षणिक जगत के लिए गर्व का विषय है।
विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि डॉ. नेहा सिंह ने अपनी मेहनत, सृजनात्मक सोच और उत्कृष्ट शिक्षण शैली से विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। और उनकी यह उपलब्धियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करती हैं तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करती हैं।
फाइन आर्ट्स संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. नेहा सिंह ने फैशन एवं डिज़ाइन शिक्षा के क्षेत्र में जिस प्रकार की रचनात्मक पहचान बनाई है, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके समर्पण, कलात्मक दृष्टिकोण एवं शैक्षणिक नेतृत्व का प्रतीक है तथा संपूर्ण फाइन आर्ट्स संकाय के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।
डॉ. नेहा सिंह की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रशासन, फैशन, टेक्सटाइल एवं इंटीरियर डिजाइन विभाग के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रदान कीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:
Post a Comment