नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ-बड़ौत मार्ग स्थित पुट खास पुल पर रविवार को भीषण जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे।
सूचना मिलते ही रोहटा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने सड़क पर उतरकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन संकरी पुलिया और वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते स्थिति जल्दी सामान्य नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम लगने का मुख्य कारण पुल पर वाहनों का अधिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग रहा। कई बार छोटे वाहनों और बड़े वाहनों के आमने-सामने आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम में फंसे राहगीरों ने बताया कि उन्हें कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हुई। कुछ लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
पुलिस ने धीरे-धीरे यातायात को नियंत्रित कर जाम खुलवाया और लोगों को राहत दिलाई। वहीं प्रशासन से स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या से बचा जा सके।

No comments:
Post a Comment