Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 1, 2026

​डिजिटल युग में तनावपूर्ण जीवन का एंटी वायरस है हनुमान चालीसा


• सपना सी.पी. साहू 
​आज के डिजिटल युग में सुबह उठते ही सबसे पहले मोबाइल की स्क्रीन चमक उठती है और नोटिफिकेशन का अंबार लग जाता है। लेकिन इसी के साथ बढ़ता मानसिक तनाव, चिंता और एकाग्रता की कमी साफ दिखने लगी है। अध्ययनों के अनुसार, आज औसत व्यक्ति स्क्रीन पर सिर्फ 47 सेकंड तक ध्यान केंद्रित रख पाता है, वहीं उसे एक काम से दूसरे काम पर जाने में औसतन 23 मिनट लग जाते हैं। सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग से लोग स्वयं की दूसरों से तुलना, करियर की अनिश्चितता और मल्टीटास्किंग से तनावग्रस्त हो रहे हैं। ऐसे में, ध्यान और मन की शांति पाने के लिए गोस्वामी तुलसीदास रचित श्री हनुमान चालीसा को पढ़ना और जीवन में उतारना एक अत्यंत समसामयिक उपाय बन सकता है।
​डिजिटल तूफान के इस दौर में हनुमान जी की स्तुति आंतरिक शक्ति देने वाला स्रोत साबित हो सकती है। वैज्ञानिकों ने माना है कि हनुमान चालीसा के लयबद्ध पाठ से उत्पन्न होने वाले कंपन मस्तिष्क की तरंगों को शांत कर तनाव घटाते हैं। इसके नियमित पाठ से एकाग्रता बढ़ती है और डोपामाइन जैसे सकारात्मक हार्मोन का स्तर सुधारता है। जब हम हनुमान जी को याद करते हैं, तो उनके बल, बुद्धि, और निःस्वार्थ सेवा जैसे गुणों को समझने लगते हैं। एक विश्वास जागता है कि संकटों के समय जब वे भगवान राम के सहायक हो सकते हैं, तो वे हमारी सहायता भी अवश्य करेंगे।

​यह हनुमान जयंती विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि वैश्विक अशांति का दौर भारत के लिए भी नई चुनौतियां लेकर आया है। हनुमान चालीसा सिर्फ धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन की व्यावहारिक समस्याओं से लड़ने का ज्ञान भी है। आज एआई युग में हमारे पास जानकारियों का समंदर तो है, लेकिन गहरी सोच और भावनात्मक संतुलन के लिए आवश्यक तैराकी की कमी है। निश्चित ही हनुमान चालीसा हमें इस भवसागर में कुशल तैराक बना सकती है। इसकी दोहराव वाली लय मन को एक जगह केंद्रित करती है और इसके छंद मन के डर को रोकते हैं। उदाहरण के लिए- भूत पिशाच निकट नहिं आवै, महावीर जब नाम सुनावै जैसी पंक्तियां डर, ईर्ष्या, असफलता की भावना और सोशल मीडिया पर होने वाली तुलना से मुक्ति दिलाती हैं।
​नाशै रोग मिटे सब पीड़ा, जो सुमिरै हनुमंत बलवीरा जैसे मंत्रों से नकारात्मकता घटती है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है। वैज्ञानिक शोधों में पाया गया है कि मंत्र जप तनाव हार्मोन कोर्टिसोल को कम करता है और हृदय गति की विविधता में सुधार कर शरीर की आराम वाली प्रणाली को सक्रिय करता है। जापान के ओसाका विश्वविद्यालय और दिल्ली एम्स के छात्रों पर हुए परीक्षणों में पाया गया कि जिनके तनाव का स्तर पहले 26.5 था, वह चालीसा के प्रभाव से घटकर 18.2 रह गया। यह पाठ मस्तिष्क के अमिग्डाला हिस्से को शांत करता है, जो डर और तनाव का केंद्र है। इससे मस्तिष्क में नई तंत्रिकाएं बनती हैं और भावनात्मक बुद्धिमत्ता मजबूत होती है। जप के दौरान वेगस नर्व सक्रिय होने से सेरोटोनिन और गाबा (जीएबीए) जैसे शांत करने वाले रसायन निकलते हैं, जिससे मानसिक स्पष्टता बढ़ती है। मस्तिष्क तरंगों के अध्ययन बताते हैं कि चालीसा पढ़ने या सुनने के दौरान अल्फा और थीटा तरंगें बढ़ती हैं, जो एक आरामदायक लेकिन सतर्क अवस्था पैदा करती हैं। सरल शब्दों में, हनुमान चालीसा एक प्राकृतिक और निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य उपकरण है।

​चालीसा की एक खास पंक्ति- जो सत बार पाठ कर कोई, छूटहिं बंदि महा सुख होई बहुत गहरी सीख देती है। आज के समय में बंधन कई रूप ले चुके हैं, जैसे मोबाइल की लत, ज्यादा सोचना, टालमटोल, करियर की चिंता और अहंकार। यहाँ सौ बार पढ़ना सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि गहरे समर्पण और निरंतर अभ्यास का प्रतीक है। जब हम सच्चे मन से जुड़ते हैं, तो मन के ये बंधन स्वतः टूटने लगते हैं।
​वास्तव में हम मात्र चार से पांच मिनट में हनुमान चालीसा पढ़कर जो आंतरिक संतोष पा सकते है, वह बाहरी सफलता या आधुनिक गैजेट्स से संभव नहीं है। हनुमान जी हमें सिखाते हैं कि असली शक्ति शरीर या पद की नहीं, बल्कि चरित्र, विनम्रता और समर्पण की होती है। वे पहाड़ उठा सकते थे, समुद्र लांघ सकते थे, लेकिन सदैव श्री राम के दास बने रहे। आज के अहंकार भरे युग में यह विनम्रता और शक्ति का संतुलन सबसे बड़ी सीख है।
​व्यावहारिक जीवन में चालीसा को अपनाना बहुत आसान है। छात्र परीक्षा के तनाव के समय सुबह पांच मिनट इसे पढ़ सकते हैं, जिससे एकाग्रता बढ़ेगी। कार्यालय जाने वाले लोग मीटिंग या डेडलाइन से पहले इसे सुन सकते हैं, जो भावनात्मक थकान से बचाकर सही निर्णय लेने की क्षमता जगाती है। परिवार में कलह के समय पाठ करने से माहौल शांत होता है और रिश्तों में धैर्य बढ़ता है। सोशल मीडिया के भटकाव से बचने के लिए भी इसका स्मरण अचूक है। अतः हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन, शुभ अवसर से इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना हमें असली शांति, भक्ति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा देने वाला रामबाण सिद्ध होगा।
​लेखक - नित्य संदेश संपादक, इंदौर 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here