अजय चौधरी
नित्य संदेश, मेरठ। वसंतिक नवरात्रि के पावन अवसर पर मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में मिशन शक्ति चरण–05 के अंतर्गत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नारी सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता प्रसारित करना रहा। कार्यक्रम निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान, प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माथुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं सक्रियता के साथ भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने चित्रांकन, प्रभावशाली नारों एवं वक्तव्यों के माध्यम से ‘नारी शक्ति’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने समाज में महिलाओं की बदलती भूमिका, उनके अधिकारों तथा सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नारी का सम्मान एवं सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है और जागरूकता इसके लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन साक्षी अहलूवालिया द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। आरती चौधरी, रूपल चौधरी, डॉ. मीनाक्षी वर्मा एवं बीसीए विभाग के आदित्य गोयल सहित कई सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विशेष रूप से आदित्य गोयल द्वारा सभागार की तकनीकी व्यवस्थाओं—प्रकाश, ध्वनि प्रणाली एवं अन्य संसाधनों—का सुचारु प्रबंधन किया गया, जिससे कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ। इस आयोजन में 50 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नारी सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास की आधारशिला है।

No comments:
Post a Comment