Breaking

Your Ads Here

Thursday, April 30, 2026

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में साइकिल यात्रा का आयोजन

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुजरात दिवस की पूर्व संध्या पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में गुरुवार प्रातः एक भव्य साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा को विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः विश्वविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।


इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव ने कहा कि गुजरात अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, उद्यमशीलता और विकास मॉडल के लिए देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि गुजरात केवल आर्थिक प्रगति का प्रतीक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने आगे कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का गुजरात से होना राज्य की राजनीतिक एवं प्रशासनिक दक्षता को भी दर्शाता है। डॉ. यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे गुजरात के विकास मॉडल से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करते हैं। 


परिषद के समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि गुजरात दिवस केवल एक राज्य का स्थापना दिवस नहीं, बल्कि भारत की संघीय संरचना और विविधता में एकता के सिद्धांत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साइकिल यात्राएं युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से सक्रिय बनाती हैं, बल्कि उनमें सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय चेतना को भी प्रबल करती हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि विश्वविद्यालय का दायित्व केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना भी उतना ही आवश्यक है। इस अवसर पर प्रो. वीरपाल सिंह, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. धर्मेंद्र कुमार सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here