Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 1, 2026

बीडीएम गर्ल्स डिग्री कॉलेज में “सोशल मीडिया का युवाओं पर प्रभाव” विषय पर छात्र संसद का भव्य आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

शिकोहाबाद। बी.डी.एम. गर्ल्स डिग्री कॉलेज में प्राचार्या प्रोफेसर गीता यादवेंद्र के संरक्षण तथा समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता प्रसाद के निर्देशन में “सोशल मीडिया का युवाओं पर प्रभाव” विषय पर छात्र संसद का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। 


कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पिंकी ने रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि छात्र संसद का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना, संवैधानिक आदर्शों के प्रति सजग समाज का निर्माण करना तथा संसदीय कार्यप्रणाली की व्यवहारिक समझ विकसित करना है। उन्होंने कहा कि यह मंच छात्राओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को व्यावहारिक रूप से समझने के साथ-साथ उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित होने का अवसर प्रदान करता है। साथ ही यह मंच छात्राओं को नीति-निर्माण की भूमिका में अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने तथा तर्कपूर्ण एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित करता है।


संसदीय कार्यवाही के अंतर्गत प्रश्नकाल में छात्राओं ने सत्ता पक्ष से पर्यावरण, दहेज प्रथा, राजनीति में महिलाओं की भूमिका तथा सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों जैसे समसामयिक विषयों पर प्रश्न प्रस्तुत किए। छात्र संसद में बी.ए. प्रथम वर्ष (द्वितीय सेमेस्टर) की छात्रा सीमा फातिमा ने सभापति की भूमिका निभाई। बी.ए. द्वितीय वर्ष की सानिया श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री तथा कशिश चौहान ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में प्रभावी सहभागिता की। निर्णायक मंडल में संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. माया गुप्ता एवं हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. पल्लवी पांडे शामिल रहीं, जिन्होंने निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में कशिश चौहान को सर्वश्रेष्ठ सांसद, निक्की श्रीवास्तव को अभिनव सोच, एम.ए. की छात्रा वंदना को सर्वश्रेष्ठ तर्क प्रस्तुतकर्ता तथा अक्शा शाहिद को सर्वश्रेष्ठ वक्ता के रूप में पुरस्कृत किया गया।


मुख्य अतिथि प्राचार्या प्रोफेसर गीता यादवेंद्र ने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग विवेक और जागरूकता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने भ्रामक एवं गलत सूचनाओं से सावधान रहने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विभागाध्यक्ष डॉ. नम्रता प्रसाद के सहयोग से प्राचार्या द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अंत में समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. ममता भारद्वाज ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here