नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। महावीर विश्वविद्यालय द्वारा “नारी शक्ति वंदन अधिनियम – प्रचार अभियान (10 अप्रैल, 2026 – 20 अप्रैल, 2026)” के अंतर्गत नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर लगभग 500 महिला प्रतिभागियों ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलगीत से हुई, जिसके पश्चात पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा ब्लॉक-ए परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न विभागों से होते हुए संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने स्लोगनों के माध्यम से नारी सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाई। साथ ही “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन में 9667173333 पर मिस्ड कॉल अभियान चलाया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ा गया। इस दौरान “नारी शक्ति दीवार”, हस्ताक्षर अभियान, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक एवं रंगोली के माध्यम से छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए समाज में जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई, जिससे आयोजन को व्यापक स्वरूप मिला। कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं को आधुनिक शिक्षा एवं तकनीकों के माध्यम से सशक्त बनाने पर जोर दिया तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन उत्साह और प्रेरणा के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment