Breaking

Your Ads Here

Saturday, March 28, 2026

प्रधानमंत्री द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर का लोकार्पण — मेरठ के विकास को मिली वैश्विक उड़ान



जेवर एयरपोर्ट से मेरठ बनेगा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का उभरता आर्थिक केंद्र

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के लोकार्पण के साथ ही मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास की गति को नई ऊर्जा प्राप्त हुई है। मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित यह परियोजना केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि आर्थिक, औद्योगिक और वैश्विक कनेक्टिविटी का सशक्त माध्यम बनेगी । इसका सीधा प्रभाव मेरठ जनपद पर दिखाई देगा, जहां निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावनाएं हैं।

जेवर एयरपोर्ट के संचालन से एनसीआर का विकास मानचित्र तेजी से परिवर्तित होगा और मेरठ एक महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेगा। अपनी ऐतिहासिक विरासत, औद्योगिक क्षमता और रणनीतिक भौगोलिक स्थिति के कारण मेरठ अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा। यह परियोजना मेरठ को ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में तेजी से अग्रसर करेगी।

मेरठ की सबसे बड़ी ताकत उसकी उत्कृष्ट कनेक्टिविटी है, जो अब और अधिक मजबूत होगी। दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) जैसे आधुनिक परिवहन माध्यम पहले से ही मेरठ को एनसीआर से जोड़ते हैं। जेवर एयरपोर्ट के जुड़ने से यह कनेक्टिविटी वैश्विक स्तर तक विस्तारित होगी। इससे माल ढुलाई तेज होगी, यातायात सुगम होगा और मेरठ एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स एवं ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित होगा।
कृषि क्षेत्र में भी यह परियोजना परिवर्तनकारी भूमिका निभाएगी। मेरठ के किसान अब एयर कार्गो के माध्यम से अपने उत्पाद सीधे देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। इससे उन्हें बेहतर मूल्य प्राप्त होगा और वे आधुनिक, निर्यातोन्मुख कृषि की ओर अग्रसर होंगे। साथ ही, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

स्थानीय उद्योग और व्यापार को भी इस एयरपोर्ट से नई दिशा मिलेगी। स्पोर्ट्स गुड्स, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स, हस्तशिल्प और MSME इकाइयों के उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहुंच बना सकेंगे। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना को इससे नई गति मिलेगी और स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा।

औद्योगिक दृष्टि से मेरठ अब निवेश का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स पार्क और लघु एवं मध्यम उद्योगों का तेजी से विकास होगा। इससे बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और रियल एस्टेट क्षेत्र में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।

युवाओं के लिए यह एयरपोर्ट अवसरों का नया द्वार खोलेगा। एविएशन, होटल, ट्रांसपोर्ट और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने से युवाओं का पलायन कम होगा और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

मेरठ, जो महाभारत, रामायण और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत से जुड़ा है, अब पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से उभरेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और स्थानीय व्यापार को लाभ मिलेगा।

जेवर एयरपोर्ट की आधुनिक विशेषताएं इसे प्रदेश का एक महत्वपूर्ण आर्थिक इंजन बनाती हैं। लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों की प्रारंभिक क्षमता, जिसे भविष्य में 7 करोड़ तक बढ़ाया जाएगा, 2.5 लाख टन से 15 लाख टन तक की कार्गो क्षमता, मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी, डिजियात्रा जैसी सुविधाएं तथा ग्रीन एनर्जी आधारित संचालन इसे एक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परियोजना बनाते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में सशक्त रूप से आगे बढ़ा रहा है। ₹1 लाख करोड़ से अधिक के संभावित आर्थिक योगदान के साथ यह परियोजना ‘लोकल से ग्लोबल’ की अवधारणा को मजबूती प्रदान करेगी।

समग्र रूप से, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर मेरठ के विकास का एक नया अध्याय लिख रहा है। यह केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना नहीं, बल्कि परिवर्तन का माध्यम है, जो मेरठ को राष्ट्रीय से वैश्विक पहचान सुनिश्चित करेगा और हर क्षेत्र में यह परिवर्तन स्पष्ट दिखाई देगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here