नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सहकारी गन्ना विकास समिति लि० मोहिउद्दीनपुर, मेरठ द्वारा समिति भवन के नवनिर्माण हेतु भूमिपूजन एवं कार्य शुभारंभ समिति परिसर में मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी के करकमलो से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता विजयपाल घोपला द्वारा की गई तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ० सोमेंद्र तोमर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के संयोजक सहकारी गन्ना विकास समिति मोहिउद्दीनपुर के सभापति दीपक राणा रहे।
आयोजित सहकारी गन्ना विकास समिति, मोहिउद्दीनपुर में समिति भवन नवनिर्माण कार्य का भूमि पूजन मुख्य अतिथि मा. गन्ना मंत्री जी ने मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-पाठ के साथ किया। उन्हाने मंच से अपने संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समग्र विकास हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी गन्ना विकास समिति मोहिउद्दीनपुर में संचालित प्रगतिशील योजनाएं क्षेत्रीय विकास का आधार बन रही हैं। समिति भवन का नवनिर्माण सहकारिता तंत्र को सुदृढ़ करने तथा किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
उन्होने कहा कि सहकारी गन्ना विकास समिति मोहिउद्दीनपुर में नवीन समिति भवन का निर्माण क्षेत्र के गन्ना कृषकों के लिए बहुआयामी लाभ प्रदान करेगा। इससे किसानों को एक ही स्थान पर प्रशासनिक सेवाएं, तकनीकी मार्गदर्शन एवं गन्ना विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी सुलभ होगी।
यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र को सुदृढ़ करने, चीनी मिलों की क्षमता विस्तार, समयबद्ध गन्ना मूल्य भुगतान तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास हेतु किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इन कार्यो से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी स्थायित्व एवं गति प्राप्त होगी। परिणामस्वरूप, गन्ना कृषकों का जीवन स्तर उन्नत होगा तथा क्षेत्र समग्र विकास की दिशा में अग्रसर होगा।
मंत्री ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों एवं गन्ना कृषकों को आश्वस्त किया कि किसानों के हित में चीनी मिलों का संचालन तब तक जारी रखा जाएगा जब तक खेतों में गन्ना खडा रहेगा। उन्होने सहकारी चीनी मिल बागपत की पेराई क्षमता विस्तार के सम्बन्ध में भी बताते हुए कहा कि बागपत चीनी मिल की वर्तमान पेराई क्षमता 2500 टी.सी.डी. प्रतिदिन से बढाकर 5000 टी.सी.डी. करने की योजना को भी प्रदेश सरकार द्वारा मंजूरी प्रदान कर दी गयी है। उन्होने यह भी कहा कि भविष्य में गन्ना समितियों को प्राप्त होने वाले गन्ना विकास अंशदान कोे किसान भवन, अस्पताल, कॉलेज एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में व्यय किये जाने की बात कही। उन्होने यह भी कहा कि यह प्रदेश सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि आज सहकारी चीनी मिल मोहिउद्दीनपुर लाभ में आ गयी है।
उन्होने कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्र के गन्ना किसानों से भी अपील की कि शोध संस्थानों के द्वारा विकसित उन्नतिशील किस्म के गन्ना बीज का प्रयोग गन्ने की खेती हेतु करे। गन्ना मंत्री जी द्वारा सहकारी गन्ना विकास समिति लि0 मोहिउददीनपुर मेरठ के कार्यालय भवन के नवनिर्माण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजन हेतु समिति के सभापति (चेयरमैन) दीपक राणा, उपसभापति, संचालक मण्डल एवं विभागीय अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित भी किया तथा सभापति दीपक राणा के आयोजन एवं उत्कृष्ट कार्यो की सराहना भी की।
आज आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मोदीनगर विधानसभा से मा. विधायक डा. मंजू सिवाच ने अपने सम्बोधन में कहा कि नये समिति भवन के भूमि पूजन के अवसर पर सभी क्षेत्रवासियों एवं मा. गन्ना मन्त्री जी का हार्दिक अभिनन्दन करती हूॅ। मोहिउद्दीनपुर समिति एवं मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल इस समय अच्छा कार्य कर रही है, क्षेत्र के गन्ना किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान प्राप्त हो रहा है।
आज के कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे जिन्होने अपने उद्बोधन में मा. गन्ना मंत्री जी को अपना अभिभावक बताते हुए क्षेत्र में विकास की गति को बढाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मोहिउद्दीनपुर में समिति भवन नवनिर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं विधिवत शुभारंभ कार्यक्रम में मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त राजीव राय, जिला गन्ना अधिकारी मेरठ ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी गाजियाबाद प्रदीप कुमार, सम्भागीय विख्यापन अधिकारी गौरव कुमार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक जगदीप गुप्ता, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति लि. मोहिउद्दीनपुर मुकेश कुमार पाण्डेय, अवर अभियन्ता भूपराम एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों सहित हजारों गन्ना कृषकांे द्वारा प्रतिभाग किया गया।
No comments:
Post a Comment