Wednesday, March 18, 2026

सनातन संस्कृति और हिंदुत्व ही भारत की आत्मा : विनीत अग्रवाल शारदा




विनय नोक 
नित्य संदेश, मेरठ। दिल्ली रोड, रोडवेज बस स्टैंड के सामने चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में अखिल भारतीय साहित्यालोक द्वारा आयोजित नव संवत्सर 2083 की पूर्व संध्या के भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

अपने संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि नव संवत्सर केवल नया वर्ष नहीं बल्कि सनातन संस्कृति के नवजागरण का पर्व है। यह वह परंपरा है जिसने हजारों वर्षों से भारत को ज्ञान, अध्यात्म और संस्कृति की दिशा दी है। भारत की पहचान उसकी सनातन परंपरा और हिंदुत्व की चेतना से है। यह वही भूमि है जहाँ भगवान श्रीराम ने मर्यादा का मार्ग दिखाया, भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म और कर्म का संदेश दिया और छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिंदू स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। जब समाज अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ता है तो राष्ट्र स्वतः मजबूत हो जाता है और दुनिया उसे सम्मान देने के लिए मजबूर हो जाती है । भारत की शक्ति उसकी संस्कृति, उसके संस्कार और उसकी सनातन चेतना में है और जब भारत अपनी इसी पहचान के साथ आगे बढ़ता है तो उसे विश्व गुरु बनने से कोई शक्ति नहीं रोक सकती। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित में एकजुट होकर भारत को मजबूत बनाने का आह्वान किया। 

समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधन करते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ मीनाक्षी भराला ने भी हिन्दू संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया । हिंदू संस्कृति को श्रेष्ठ बताते हुए उन्होंने जीवन में हिंदू संस्कृति को अपनाने पर बल दिया । वसुधैव कुटुंबकम् का भाव हिन्दू संस्कृति में ही है जो विश्व बंधुत्व की जड़ है । आज के समय में हिंदू संस्कृति ही विश्व में शांति स्थापित कर सकती है । संस्था के संरक्षक डा एस के अग्रवाल ने सर्वे भवन्तु सुखिन की बात की । 

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुबोध गर्ग ने हिंदी बोलें , हिंदी में करें हस्ताक्षर का मंत्र दिया । समारोह में बच्चों द्वारा मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए । अखिल भारतीय साहित्यालोक केंद्रीय शाखा की नई कार्यकारिणी का अधिष्ठापन भी किया गया जिसमे मुख्य रूप से उमेश कुमार , अध्यक्ष , विनय नोक महामंत्री और राकेश कुमार गुप्ता , कोषाध्यक्ष रहे । समारोह की अध्यक्षता कर रहे सुशील कुमार कंसल , अध्यक्ष , साहित्यालोक ने समारोह में आगंतुकों का स्वागत किया । इस अवसर पर उपाध्यक्ष अनिल गोयल द्वारा नव संवत्सर तिथि पत्रक का लोकार्पण किया । 

कार्यक्रम का संचालन यशपाल जांगिड़ ने किया । यश कुमार गोयल , सुरेश चंद्र , नितिन सिंघल और ऋतु अग्रवाल संयोजक रहे । कार्यक्रम की सफलता में नितिन गोयल , मुकेश गुप्ता , मुक्ता शर्मा , सुशील कंसल , सुशील गुप्ता एस पी गोयल आदि का योगदान सराहनीय रहा । 



No comments:

Post a Comment