क्रिकेट, बैडमिंटन, चेस व ट्रेजर हंट प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह, आपसी सहयोग व टीम भावना को मिला बढ़ावा
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विद्या यूनिवर्सिटी में ‘विद्या यूनिटी लीग’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के सभी फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य आपसी सहयोग, टीम भावना और कार्यस्थल पर समन्वय को सुदृढ़ करना रहा। सभी प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
क्रिकेट और बैडमिंटन मुकाबलों में जहां रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, वहीं चेस में प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता का परिचय मिला। ट्रेजर हंट गतिविधि ने सभी को उत्साहित करते हुए टीमवर्क और समस्या समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित किया।
विद्या यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘विद्या यूनिटी लीग’ का शुभारंभ कुलपति डॉ. हिरेन दोशी ने फीता काटकर किया। इस मौके पर चांसलर प्रदीप कुमार जैन ने सभी प्रतिभागियों एवं खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन प्रतिभा को निखारने और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच है।
वहीं प्रो-चांसलर विशाल जैन ने कहा कि खेल हमें जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क का पाठ सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने और पूरे जोश के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया। क्रिकेट में एडमिन और टीचिंग स्टाफ के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ जिसमें फैकल्टी की टीम ने एडमिन को 2 रन से हराया। चेस में शिक्षक जयवर्धन विजेता रहे।
वहीं बैडमिंटन पुरुष वर्ग नितिन कुमार और महिला वर्ग में ऋषिका राठी विजेता घोषित किए गए। ट्रेजर हंट में लॉ कॉलेज की टीम विजेता रही। कार्यक्रम के अंत में कुलपति डॉ. हिरेन दोशी एवं रजिस्ट्रार विजय कुमार दुबे ने सभी को मेडल, ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किये। इस मौके पर कुलपति डॉ. हिरेन दोशी ने कहा कि हमारे सभी संकाय सदस्य और कर्मचारी ही विद्या विश्वविद्यालय की वास्तविक शक्ति हैं। उनकी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण के कारण ही हम शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
इस मौके पर रजिस्ट्रार विजय कुमार दुबे सहित विभिन्न डीन-डायरेक्टर, सभी शिक्षणगण आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। इस आयोजन ने न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि फैकल्टी और स्टाफ के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
No comments:
Post a Comment