जिलाधिकारी कार्यकक्ष में सांकेतिक रूप से बनी जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई, संबंधित अधिकारियो को कार्यवाही कर निस्तारण के दिये निर्देश
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत कलक्ट्रेट कार्यालय में एएस इंटर कालेज मवाना की कक्षा-11 की छात्रा वैष्णवी सिंघल एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाई गई, जिन्होने फरियादियो की समस्याओ को सुना।
जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठने के पश्चात् वैष्णवी सिंघल ने फरियादियो की समस्याओ को सुनते हुये जिलाधिकारी के पद एवं दायित्वो के निवर्हन की सीख ली। बतौर सांकेतिक डीएम वैष्णवी सिंघल ने फरियादियो की समस्याएं सुनी व संबंधित अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मेधावी छात्रा वैष्णवी सिंघल को स्मृति चिन्ह भेंट किया। सांकेतिक जिलाधिकारी ने अपने मनोविचार साझा करते हुये कहा कि जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर अच्छा एवं गर्व महसूस हो रहा है। उन्होने कहा कि मैं अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली समझती हॅॅू कि मुझे एक दिन का जिलाधिकारी बनने का अवसर प्राप्त हुआ है। एक दिन की जिलाधिकारी बनने के बाद उन्हें पता लगा रह है कि जिलाधिकारी के ऊपर कितनी जिम्मेदारी होती है। सभी फरियादियो की समस्याओ को सुनना व उनका निस्तारण करना बहुत बडा कार्य है। उनके द्वारा भविष्य में अपने लक्ष्य को लेकर भी मीडिया से अपने विचार साझा किये गये।
जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा तथा उनको सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओ में है। शासन द्वारा दिये गये निर्देशो के क्रम में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है इसी क्रम में आज मेधावी छात्रा वैष्णवी सिंघल को एक दिन का सांकेतिक जिलाधिकारी बनाया गया है। उन्होने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन के पास आने वाली शिकायतो तथा उसके निस्तारण के तरीको को समझाना तथा उनमें सामाजिक मुद्दो से संबंधित संवेदनशीलता उत्पन्न करना है, यदि छात्राएं इस क्षेत्र में आना चाहती है तो कैसे उसमें आगे बढ सकती है तथा इस पद की कार्यप्रणाली के बारे में जानना है। सरकार के प्रयासो से चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमो द्वारा आमजन को जागरूक किया जा रहा है तथा समाज में भी बेटियो के प्रति सोच में बदलाव सकारात्मक रूप से प्रत्येक स्तर पर दिखाई दे रहा है। बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में कमतर नहीं है। बिना बेटियो के विकसित उ0प्र0 की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी का संकल्प है कि उ0प्र0 को विकसित उ0प्र0 बनाना है इस हेतु बेटियो को हर क्षेत्र में आगे बढाना है।
उन्होने कहा कि मेधावी छात्रा को एक दिन का जिलाधिकारी बनाकर यह एहसास दिलाना है कि यदि मेहनत करेंगे तो ऊंचे से ऊंचे पद पर पहुंच कर देश व प्रदेश में योगदान देने में अपनी बडी भूमिका निभा सकते है। मेधावी छात्रा से अन्य छात्राओ को भी प्रेरणा मिलेगी। मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता है कि समाज को यह संदेश पहुंचे कि बेटियां आपका गौरव है। यदि आप उन्हें अवसर देंगे तो किसी भी कार्य को बेहतर ढ़ग से कर सकती है। सरकार एवं समाज के प्रत्येक वर्ग का यह दायित्व है कि हम उन्हें आगे बढाये। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मेधावी छात्रा को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
इसके अलावा सूरजमल मार्डन सीनियर सैकेण्डरी स्कूल फलावदा की छात्रा शैली को सांकेतिक मुख्य विकास अधिकारी, किसान इंटर कालेज मवाना की छात्रा आराध्या को सांकेतिक अपर जिलाधिकारी प्रशासन, आदर्श कन्या इंटर कॉलेज नैडू मवाना की छात्रा मानसी को सांकेतिक अपर जिलाधिकारी नगर, डी0ए0वी0 खरखौदा मेरठ की छात्रा सानिया को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा प्रेस विज्ञप्ति के साथ संलग्न सूची के अनुसार जनपद स्तर तक के सभी पदो पर छात्राओ को सांकेतिक अधिकारी बनाया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी व आमजन उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment