-पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने किया निरीक्षण
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। महाभारत कालीन श्री श्रंग ऋषि आश्रम का स्वरूप अब और भव्य होने जा रहा है। यह स्थल ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से जुड़ा है तथा लंबे समय से श्रद्धालुओं के आस्था का केंद्र रहा है। राज्य सरकार ने इसके सौंदर्यीकरण के लिए दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप की अहम भूमिका रही।
पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने श्री श्रंग ऋषि आश्रम परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण से जुड़े विभागीय इंजीनियरों को सख्त निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना प्राथमिकता है। राज्यमंत्री ने कहा कि यह स्थल केवल श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि महाभारत कालीन इतिहास का महत्वपूर्ण साक्षी भी है। सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थान धरोहर के रूप में शामिल होकर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा साथ ही, पुरातत्व विभाग के लिए भी यह स्थल एक बेहतर स्टडी सेंटर साबित हो सकता है, जहाँ से प्राचीन संस्कृति और इतिहास पर शोध कार्य को गति मिलेगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे निर्माण कार्य में पारदर्शिता और मानक सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित कराया जाए। दो करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाने पर राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्य समय पर पूरा होगा। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को धार्मिक एवं पर्यटन महत्व में नई पहचान हासिल होगी।
No comments:
Post a Comment