Breaking

Your Ads Here

Monday, September 29, 2025

युवा उद्यमिता को प्रोत्साहन के लिए शोभित विश्वविद्यालय और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच समझौता

 


नित्य संदेश ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार शो परिसर में शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी मेरठ (NAAC ‘A’ ग्रेड, डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी) ने उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी का उद्देश्य प्रदेश में नवाचार एवं स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देना, युवा उद्यमियों को व्यवसाय प्रारंभ करने की क्षमता, कौशल विकास एवं वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना है। इस पहल के अंतर्गत विश्वविद्यालय अपनी शैक्षणिक विशेषज्ञता, अनुसंधान सुविधाएं और नवाचार केंद्र उपलब्ध कराएगा, वहीं MSME विभाग चयनित सेवा प्रदाता “समाधान समिति” के माध्यम से प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहायता सुनिश्चित करेगा।

शोभित विश्वविद्यालय पहले से ही एक सशक्त स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित कर चुका है, जिसमें टेक्नोलॉजी बिज़नेस इनक्यूबेटर , इंस्टिट्यूशन इनोवेशन काउंसिल, आडिया लैब , एंटरप्रेन्योरशिप सेल और आईपीआर सेल जैसी इकाइयाँ सक्रिय हैं। ये इकाइयाँ विद्यार्थियों को विचार से लेकर प्रोटोटाइप, परामर्श, उद्योग संपर्क और बौद्धिक संपदा संरक्षण तक संपूर्ण सहयोग प्रदान करती हैं।

समझौते के प्रमुख बिंदु:

MSME विभाग युवाओं को वित्तीय सहायता, अनुदान एवं ऋण सुविधा प्रदान करेगा।
300 से अधिक उद्योग एवं सेवा क्षेत्रों पर आधारित व्यवसाय मॉडल्स पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
चयनित उद्यमियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों एवं MSME कॉन्क्लेव्स में प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय परिसर में कार्यशालाएँ, वेबिनार, काउंसलिंग एवं इनक्यूबेशन सेंटर की सुविधाएँ सुदृढ़ की जाएंगी।

इस सहयोग से प्रदेश में नवाचार-आधारित उद्यमिता को नई गति मिलेगी और युवा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर शोभित विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. गणेश भारद्वाज एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के मिशन निदेशक द्वारा किए गए।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी, प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, श्री देवेंद्र नारायण सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here