नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, आज़ादी के आंदोलन के प्रखर योद्धा एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी की जयंती बड़े श्रद्धा भाव से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने की तथा संचालन पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कमलापति त्रिपाठी के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, उनके त्याग, तपस्या और कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया। उन्होंने कहा कि त्रिपाठी जी ने न केवल आज़ादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई, बल्कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय रेल मंत्री रहते हुए देश व प्रदेश की जनता की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। कार्यक्रम उपरांत महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में पूर्व जिला अध्यक्ष अवनीश काजला एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी को उत्तर प्रदेश ओबीसी कांग्रेस सलाहकार समिति का सदस्य बनाए जाने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया और शीर्ष नेतृत्व हेतु आभार व्यक्त किया गया।
No comments:
Post a Comment