-6 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में मचा कोहराम, कस्बावासियो में गुस्सा
नित्य संदेश ब्यूरो
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के हर्रा कस्बे में सोमवार देर शाम उस वक्त कोहराम मच गया जब कस्बे के रहने वाले जुल्फकार उर्फ जुल्फी (55 वर्ष) की सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जुल्फकार रोज की तरह अपने घर से डेयरी पर जा रहे थे, तभी कस्बे के बाहरी छोर पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष अजय शुक्ला पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे।उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। जुल्फकार अपने पीछे 6 बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इनमें 3 बेटे और 3 बेटियां हैं। इनमें से 2 बेटियों और 1 बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि 1 बेटी और 2 बेटे अभी अविवाहित हैं। घर के बड़े सहारे के अचानक चले जाने से पूरा परिवार टूट गया है। खासकर छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बार-बार यही कह रहे हैं कि "अब घर कैसे चलेगा?"
कस्बे में गम का माहौल
मृतक की मौत से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में कस्बावासी उनके घर पर जुटकर शोक व्यक्त कर रहे हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। कस्बे के लोगों का कहना है कि जुल्फकार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी अचानक हुई मौत ने सभी को हिला कर रख दिया है।
कस्बावासियों ने जताया आक्रोश
स्थानीय लोगों ने हादसे को लेकर गहरा आक्रोश जताया है। कस्बे के लोगो का कहना है कि कस्बे के बाहरी छोर पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दौड़ते रहते हैं, अभी कुछ दिन पहले भी तेज रफ्तार कार ने दो बच्चों क़ो कुचल दिया था। लोगों ने मांग की है कि यहां पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। मंगलवार क़ो सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। इस बीच मृतक के घर पर हर आने वाला व्यक्ति परिवार के दुख को देखकर भावुक हो रहा है।
No comments:
Post a Comment