नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश शासन से प्रेरित एवं कुलाधिपति के निर्देशन में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आज दीक्षोत्सव के उपलक्ष्य में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) संगीता शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कुलपति के साथ साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद् की अध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता, परिषद् के समन्वयक प्रो. के.के. शर्मा तथा निर्णायक मण्डल की तीन प्रतिष्ठित शिक्षाविदाएँ, डॉ. पायल अग्रवाल, शिक्षाविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता, डॉ. आशा बिष्ट, सहायक आचार्य, दुग्ध व्यवसाय प्रबंधन विभाग, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ तथा श्रीमती विमला पुंडीर, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या, जय किसान इंटर कॉलेज, दुल्हेड़ा, मंचासीन रहीं।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से विकसित भारत 2047 के स्वरूप पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और सामाजिक समरसता जैसे विविध पक्षों को अपनी रचनाओं में समाहित किया। निर्णायक मण्डल ने प्रतिभागियों की अभिव्यक्ति, मौलिकता और दृष्टिकोण की सराहना की।
कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के युवाओं की ऊर्जा, सृजनशीलता और दृष्टि ही 2047 तक विकसित भारत की नींव रखेगी। ऐसे प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में न केवल रचनात्मकता जागृत करती हैं बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति संवेदनशील भी बनाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में निर्णायकगणों द्वारा प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए तथा विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. विजेता गौतम ने किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सी0ई0आर0टी0 कॉलेज ऑफ लॉ, मेरठ, द्वितीय स्थान पर अंग्रेज़ी विभाग की छात्रा कुहू सिंह तथा तृतीय स्थान पर राजनीति विज्ञान विभाग की छात्रा सिल्की चौधरी रही।
No comments:
Post a Comment