Breaking

Your Ads Here

Tuesday, June 24, 2025

नमो भारत ट्रेन में छूटे महंगे लैपटॉप और मोबाइल के लिए ना हों चिंतित; "लॉस्ट एंड फाउंड" सेंटर की मदद से खोई हुई वस्तुओं को पाएँ वापस



नित्य संदेश ब्यूरो 
गाजियाबाद। दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनों में छूटी/खोई वस्तुओं को यात्रियों तक वापस पहुंचाने के उद्देश्य से एनसीआरटीसी द्वारा गाज़ियाबाद स्टेशन पर "लॉस्ट एंड फाउंड" सेंटर बनाया गया है। इस "लॉस्ट एंड फाउंड" सेंटर की मदद से अब तक यात्रियों द्वारा भूली गई 160 से अधिक मूल्यवान वस्तुएँ वापस लौटाई गई हैं, जिनमें महंगे लैपटॉप, स्मार्ट मोबाइल फोन, रिस्ट-वॉच, एजुकेशनल डॉक्युमेंट्स, मेडिकल रिपोर्ट्स, कैश-युक्त वॉलेट्स, इयर बड्स, ब्लूटूथ डिवाइस, ट्रॉली बैग्स, आईपैड, कार और बाइक की चाबियाँ, किताबें और कपड़ों समेत अन्य सामान शामिल हैं।

नमो भारत कॉरिडोर पर अक्टूबर 2023 में नमो भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया। सेवाओं में विस्तार के साथ वर्तमान में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से लेकर मेरठ साउथ तक नमो भारत सेवाएँ उपलब्ध हैं। नमो भारत सेवाएँ शुरू होने से लेकर अब तक नमो भारत ट्रेनों में तैनात ट्रेन अटेंडेंट्स की बेहद अहम भूमिका रही है। ट्रेन अटेंडेंट ही, ट्रेन में छूटी हुई लावारिस वस्तुओं को मिलने पर तत्काल लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर पहुँचाने में सहयोग करते हैं। हर ट्रेन में तैनात ट्रेन अटेंडेंट चलती ट्रेन में निरंतर राउंड लेते रहते हैं और ट्रेन में यात्रियों द्वारा भूली गई वस्तुओं समेत ट्रेन के अंदर की सभी गतिविधियों की मॉनिटरिंग करते हैं। 
नमो भारत कनेक्ट ऐप में मौजूद “लॉस्ट एंड फाउंड” सेंटर के विकल्प में जाकर यात्री नमो भारत स्टाफ को मिली वस्तुओं की सूची में अपने खोये हुए सामान की जानकारी हासिल करके अपने सामान को वापस लेने के लिए दावेदारी कर सकते हैं। यह प्रक्रिया बेहद आसान है। नमो भारत कनेक्ट ऐप में लॉस्ट एंड फाउंड विकल्प में जाकर अपनी वस्तु की पहचान करने के बाद यात्री गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन में बने लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर में संपर्क कर सकते हैं। सामान लौटाने के लिए निर्धारित वेरिफिकेशन के बाद उनका सामान उन्हें वापस मिल सकता है। इसके साथ ही यात्री सामान छूटने के बाद तत्काल जानकारी के लिए संबन्धित स्टेशन के कंट्रोलर से भी संपर्क कर सकते हैं। सभी स्टेशनों के कंट्रोल रूम के नंबर भी नमो भारत कनेक्ट ऐप के स्टेशन फेसिलिटीज़ ऑप्शन में उपलब्ध हैं। इसके साथ ही यात्री नमो भारत के हेल्पलाइन नंबर 08069651515 पर भी कॉल करके अपने सामान से संबंध में सूचना दे व ले सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि स्टेशनों में छूटा सामान 24 घंटों के भीतर उसी स्टेशन से वेरिफिकेशन के बाद वापस लिया जा सकता है, जहां वह छूटा था, जबकि ट्रेनों में छूटे सामान को गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन में बने लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर से वापस पाया जा सकता है। 

यात्री न सिर्फ़ नमो भारत ऐप के द्वारा अपने खोए/भूले हुए सामान की जानकारी पा सकते हैं, बल्कि जो यात्री नमो भारत ऐप का इस्तेमाल नहीं करते वे सीधे गाज़ियाबाद स्टेशन पर पहुँचकर लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर में अपने सामान के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अगर यात्री का सामान लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर में मौजूद होगा तो वहां से उनका सामान लौटा दिया जाएगा। लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर में जमा सामान के लिए अगर 6 महीनों के भीतर कोई दावेदारी नहीं की जाती है तो उस सामान को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट करने का प्रावधान भी है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here