नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बुधवार रात आए आंधी,
तूफान ने जमकर कहर ढाया। यहां लिसाड़ीगेट स्थित शाहजहां कॉलोनी में चार मकानों को नुकसान
पहुंचा है। इस हादसे में दो महिलाएं और दो बच्चियां घायल हुई हैं।
शाहजहां कॉलोनी गली नंबर-9
में शहजाद के चार मंजिला मकान पर निर्माणाधीन पांचवीं मंजिल की चार इंच की दीवार तेज
हवाओं के कारण गिर गई। यह दीवार पड़ोसी शकील के मकान पर गिरी। इस घटना में शकील की
पत्नी इमराना घायल हो गई। दीवार गिरने से आस-पास के दो अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा।
रियाजुद्दीन और गुलजार के मकानों की छत गिर गई। गुलजार की पत्नी फातिमा और उनकी दो
बेटियां अफसा और शिफा भी इस हादसे में घायल हुईं। इसी कॉलोनी में रहने वाले
नौशाद के मकान की दीवार भी गिर गई, जिससे एक खड़ी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते
ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment