नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कनोहर लाल स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर किरण प्रदीप के संरक्षण में उत्तर प्रदेश निशुल्क टैबलेट/ स्मार्टफोन वितरण योजना के डिजी शक्ति के अंतर्गत बीकॉम की छात्राओं को स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की भूमिका में राजेंद्र अग्रवाल, पूर्व सांसद तथा महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंघल, प्रबंध समिति के संयुक्त सचिव प्रदीप सिंघल उपस्थित थे। कार्यक्रम के शुरुआत में अतिथियों का कलर पार्टी के द्वारा स्वागत किया गया। तत्पश्चात सेठ कनोहर लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। सर्वप्रथम महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंघल ने राजेंद्र अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात प्राचार्या ने दिनेश सिंघल को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि राजेंद्र अग्रवाल के कर कमलों द्वारा बीकॉम की छात्राओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। तत्पश्चात दिनेश सिंघल ने अपने वक्तव्य में छात्राओं को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाए जा रहे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के महत्व के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को डिग्री के साथ-साथ अपने को विभिन्न व्यावसायिक ज्ञान से भी लैस करना चाहिए तभी आने वाली भविष्य में समायोजन संभव है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का महत्व यह है कि वे छात्रों को विशिष्ट व्यवसायों या उद्योगों के लिए तैयार करते हैं, उन्हें व्यावसायिक कौशल प्रदान करते हैं, और रोजगार के अवसरों को बढ़ाते हैं।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि राजेंद्र अग्रवाल ने अपनी संबोधन में छात्राओं को तकनीकी के सही इस्तेमाल के विषय में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में AI सक्रिय भूमिका में है। इसका प्रयोग हम सभी को सोच समझकर करना है ताकि यह मानव बुद्धिमत्ता को रिप्लेस ना कर पाए। तकनीक का सही उपयोग हमारे जीवन को बेहतर बनाने और समस्याओं का समाधान करने में मदद कर सकता है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल नुकसानदेह भी हो सकता है। इसलिए, तकनीक का उपयोग करते समय हमें सावधानी बरतनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम इसका उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से करें।
तकनीकी हमारे जीवन को सहज बनाने में हमारी मदद के लिए कार्य करें ना कि हमारे विरुद्ध। तथा यह तभी संभव है जब हम इसके सही इस्तेमाल से अवगत हो। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएं दी एवं स्मार्टफोन के माध्यम से अपने को और कुशल बनाने हेतु प्रोत्साहित किया। इसी क्रम में मुख्य अतिथि श्री राजेंद्र अग्रवाल जी को शाल तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन डिग्री शक्ति की नोडल अधिकारी डॉ पूजा राय के द्वारा किया गया एवं संचालन सिद्धि गुप्ता के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अंशु बंसल, संजीव महेश्वरी, दीपा जैन, गरिमा, आंचल गुप्ता, जूही नाज, अंजलि चौधरी, प्रोफेसर पूनम सिंह, डॉक्टर सरस्वती जायसवाल, डॉक्टर फातिमा हसन, सीमा वर्मा, डॉक्टर मोनिका गर्ग इत्यादि प्रवक्ताओं का प्रमुख योगदान रहा।
No comments:
Post a Comment