Thursday, March 27, 2025

सरकारी वकील रेखा जैन मुस्कान की ओर से लड़ेगी केस

 


-अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने दी जानकारी

शाहिद खान

नित्य संदेश, मेरठ। अपने दोस्त साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या करने वाली मुस्कान रस्तोगी को सरकारी वकील मिल गया है। अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने यह जानकारी दी। मुस्कान ने जिला जेल के माध्यम से सरकारी वकील की मांग की थी। जिसके बाद मुस्कान को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सरकारी वकील मुहैया कराया है। मुस्कान की ओर से केस लड़ने के लिए वरिष्ठ वकील रेखा जैन को नामित किया गया है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के माध्यम से मुस्कान ने सरकारी वकील की मांग की थी। उन्होंने बताया कि मुस्कान ने मेरे सामने उपस्थित होने के लिए रिक्वेस्ट भेजी थी। मैंने उसे बुलाया। मुस्कान ने मुझसे कहा कि मेरे घर वाले मुझसे नाराज हैं। वो मेरा केस नहीं लड़ेंगे। इसलिए मुझे केस लड़ने के लिए एक सरकारी वकील चाहिए। हमने उससे प्रार्थना पत्र ले लिया है। उसे कोर्ट को भेजा था। उन्होंने बताया कि अगर कोई बंदी सरकारी वकील की डिमांड करता है तो उसे वकील दिलवाना हमारा कर्तव्य है। जिला विधिक और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से सरकारी वकील दिलवाते हैं।

साहिल ने भी की है सरकारी वकील की मांग

मुस्कान के बाद साहिल ने भी जेल प्रशासन से सरकारी वकील की मांग की थी, हालांकि अभी तक उसे वकील मुहैया नहीं कराया गया है। लेकिन मुस्कान को वकील मिलने के बाद से लग रहा है कि जल्दी ही उसे भी सरकारी वकील मिल जाएगा।

मुस्कान के पिता बोले, दामाद के लिए लडूंगा

सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के दोनों के परिवारों ने उनसे पल्ला झाड़ लिया है। मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी ने तो यहां तक कहा है कि वह अपनी बेटी से मिलने कभी नहीं जाएंगे। उसके लिए कभी वकील नहीं करेंगे। इतना ही नहीं अपने दामाद को इंसाफ दिलाने के लिए कोर्ट में बेटी के खिलाफ गवाही भी देंगे। अब साहिल ने भी ऐसा ही किया, क्योंकि उसे भी लग गया है कि परिवार से उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आएगा।

मुस्कान ने बॉयफ्रेंड साहिल संग मिलकर की थी पति की हत्या

लंदन से लौटकर मेरठ आए मर्चेंट नेवी में अफसर सौरभ कुमार राजपूत की उनकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने 3 मार्च को हत्या कर दी थी। इस काम में उसका साथ बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला उर्फ मोहित ने दिया था। बेडरूम में सोते समय पति के सीने में मुस्कान ने ही पहला चाकू मारा। मौत के बाद लाश को बाथरूम में ले गए। जहां साहिल ने हाथ-पैर समेत शरीर के 4 टुकड़े किए। बॉडी को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के ड्रम में टुकड़े डाले। फिर उसमें सीमेंट का घोल भर दिया।

ऐसे हुआ था हत्याकांड का खुलासा

इस कत्ल से पर्दा तब हटा, जब 18 मार्च को सौरभ का छोटा भाई राहुल अपने भाई के ब्रह्मपुरी के इंद्रानगर सेकेंड स्थित घर पर पहुंचा। यहां उसने मुस्कान को एक लड़के (साहिल) के साथ घूमते देखा। भाई कहां हैं? पूछने पर सही जवाब मुस्कान नहीं दे सकी। घर के अंदर से बदबू भी आ रही थी। राहुल ने शोर मचाया, तब पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। पुलिस आई तो पूरे झकझोर देने वाले मर्डर का पता चला। पुलिस कस्टडी में मुस्कान और साहिल ने कत्ल की पूरी कहानी सुनाई।

No comments:

Post a Comment