नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ: पुलिस कर्मियों को साइबर अपराध और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने के लिए आज पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध और क्षेत्राधिकारी साइबर/क्राइम मौजूद रहे। यह कार्यक्रम भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) की Investor Education and Awareness Initiative के तहत World Investor Week (WIW)-2026 के अवसर पर आयोजित किया गया था।
क्या बताया गया कार्यक्रम में?
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों में सुरक्षित निवेश और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
सेबी की टीम ने पुलिस कर्मियों को विस्तार से बताया कि -
1. सुरक्षित निवेश कैसे करें: सुविचारित वित्तीय एवं सेवानिवृत्ति योजनाएं, निवेशक संरक्षण, जोखिम प्रबंधन और Ponzi Schemes जैसी धोखाधड़ी से कैसे बचें।
2. निवेश से पहले जांच जरूरी: किसी भी योजना में निवेश से पहले संबंधित कंपनी या संस्था की प्रामाणिकता और SEBI में पंजीकरण की जांच अवश्य करें।
3. लालच से बचें: अत्यधिक और अवास्तविक लाभ का लालच देने वाली योजनाओं, संदिग्ध ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, फर्जी निवेश एप और सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें।
4. साइबर फ्रॉड से बचाव: OTP, पासवर्ड, बैंकिंग डिटेल किसी से शेयर न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और डिजिटल लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध और क्षेत्राधिकारी साइबर/क्राइम ने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि साइबर अपराध का स्वरूप लगातार बदल रहा है, इसलिए लगातार अपडेट रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस जानकारी को सिर्फ अपने तक सीमित न रखें, बल्कि आमजन को भी साइबर अपराध और सुरक्षित निवेश के बारे में जागरूक करें।
कार्यक्रम में जनपद के सभी थानों के साइबर हेल्प डेस्क से जुड़े पुलिसकर्मी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment