Monday, October 12, 2026

राशन विक्रेता सौ रुपये में बेच रहे घटिया गुणवत्ता वाला सामान

 


-माफियाओं के विरुद्ध भाकियू इंडिया ने डीएसओ को सौंपा ज्ञापन


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारतीय किसान यूनियन इंडिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप तितौरिया के नेतृत्व में जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार से भेंट कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राशन माफियाओं द्वारा गरीब राशन कार्ड धारकों से कानपुर की काशी विश्वनाथ इंडस्ट्रीज का घटिया गुणवत्ता वाला सामान जबरन 100 रुपये में बिकवाने का कड़ा विरोध दर्ज कराया।


यूनियन ने आरोप लगाया कि पिछले महीने राशन कार्ड धारकों को जबरदस्ती एक्सपायर मीट मसाला और धनिया पाउडर बेचा गया। इस संबंध में बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही और जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा मौन समर्थन दिया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे गोरखधंधे में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी भी राशन माफियाओं के साथ पार्टनर के रूप में शामिल हैं, जिसके कारण गरीब जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। राशन डीलर न होते हुए भी राशन माफिया विभाग में सक्रिय हैं और अधिकारियों से सांठगांठ कर अनैतिक कार्य करा रहे हैं।



'डेरा डालो - घेरा डालो' आंदोलन चलेगा

भाकियू इंडिया ने चेतावनी दी है कि यदि इस कंपनी के घटिया सामान की बिक्री बंद नहीं कराई गई तो यूनियन द्वारा गरीब राशन कार्ड धारकों के हित में जिला पूर्ति कार्यालय पर 'डेरा डालो - घेरा डालो' आंदोलन चलाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में आदेश राठी, संजीव गुप्ता, सरदार अमनदीप सिंह, हाजी इमरान त्यागी, दीपांशु तितौरिया, काशिफ मंसूरी, रहीस अल्वी, विनोद गुर्जर, महेश, आसमा परवीन, जितेन्द्र महारिया आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

दुकानों पर लगेंगे सूचना बोर्ड

जिला पूर्ति अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सामान खरीदना पूरी तरह से कार्ड धारक की इच्छा पर निर्भर है, यदि वह नहीं चाहता तो सामान लेने से मना कर सकता है। यह भी आश्वासन दिया कि शीघ्र ही सभी सस्ते गल्ले की दुकानों पर इस संबंध में सूचना बोर्ड लगवाने के निर्देश जारी किए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment