Tuesday, October 6, 2026

योग जागरूकता रैली के माध्यम से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय माधवपुरम में आयोजित 7 दिवसीय योग शिविर के पांचवें दिवस विभिन्न योग क्रियाओं एवं अभ्यासों के साथ योग जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अंजू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए प्राचार्या प्रो. अंजू सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। छात्राओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं नियमित योग करें तथा अपने परिवार और समाज के लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें।


रैली के माध्यम से छात्राओं ने समाज में योग के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया। छात्राओं ने हाथों में विभिन्न बैनर एवं पोस्टर लेकर योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। योग शिविर के प्रभारी डॉ. धीरज कुमार ने छात्राओं को योग के साथ-साथ अनुशासन, नियमितता एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं से शिविर की गतिविधियों में अनुशासित एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।


इस अवसर पर प्रो. लता कुमार, प्रो. सतपाल राणा, डॉ. स्वर्णलता करदम, डॉ. जूही बिरला, डॉ. दीपा गुप्ता, डॉ. सतीश चंद, डॉ. रतन सिंह डॉ ऋचा राणा डॉ राजीव कुमार  सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। रैली में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए “योग अपनाएं, स्वस्थ रहें” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।

No comments:

Post a Comment