नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग की ओर से कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के निर्देशन में दशहरा मेले की थीम पर कैफेटेरिया का आयोजन किया गया। मेले में छात्राओं ने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी पाक कला और उद्यमिता कौशल का प्रदर्शन किया।
मेले का शुभारंभ प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. दिनेश शर्मा, प्रो. दुष्यंत कुमार चौहान और प्रो. बिंदु शर्मा ने किया। स्टॉल पर गोलगप्पा चाट, पाव भाजी, कढ़ी-चावल, राजमा-चावल, पास्ता, मिलेट खीर और गुलाब जामुन सहित कई व्यंजन आकर्षण का केंद्र रहे। प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, निदेशक रैंकिंग ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं की रचनात्मकता और उद्यमिता कौशल को सामने लाने का अच्छा माध्यम हैं।
प्रो. बीरपाल सिंह, निदेशक शोध ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में नवाचार और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है। ये गतिविधियां भविष्य में स्वरोजगार के अवसर विकसित करने में भी सहायक हैं। प्रो. बिंदु शर्मा ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ स्टॉल के लिए रिया को प्रथम, वर्षा को द्वितीय और आयशा सलीम को तृतीय पुरस्कार दिया गया। इस दौरान डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. निधि चौधरी, डॉ. इरम मुमताज, नेहा शर्मा, ममता, गिरिराज, प्रमोद और राजू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment