Breaking

Your Ads Here

Tuesday, October 13, 2026

एमसीयू में प्रख्यात अभिनेता राजा बुंदेला से संवाद, सिनेमा के क्षेत्र के लिए विद्यार्थियों को दिए करियर टिप्स

नित्य संदेश, भोपाल। किसी भी क्षेत्र में काम करने और स्थापित होने के लिए अपने जीवन के उद्देश्यों को पहचानना जरूरी है। फिर फील्ड की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करना पड़ता है। कड़े परिश्रम से ही किसी भी फील्ड में सफलता हासिल की जा सकती है। पहले सिनेमा जैसे क्रिएटिव आर्ट सीखने के अच्छे संस्थान दूर-दराज के इलाकों में नहीं होते थे। आज इस तरह के अच्छे इंस्टिट्यूट कई जगहों पर हैं जिनमें आज का युवा बेसिक ट्रेनिंग लेता है। थोड़ी बेसिक ट्रेनिंग के बाद वह इंडस्ट्री में काम करने के लिए तैयार हो जाता है। 

यह बातें माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रिका एवं संचार विश्वविद्यालय के सिनेमा तथा विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग में आयोजित सिनेमा संवाद में प्रख्यात बाॅलीवुड अभिनेता राजा बुंदेला ने कहीं। वे सिनेमा विषय पर विद्यार्थियों से चर्चा कर रहे थे।


श्री राजा बुंदेला ने कहा कि अगर हम कला को संस्कारों से जोड़ते हैं तो कभी भी असफल नहीं होते। सिनेमा में हमारे काम में भावना दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यवसायीकरण के चलते फिल्मों और छोटे पर्दे पर कला आज कुछ कमजोर हो गई है।


उन्होंने युवाओं के लिए इस समय में अवसरों पर कहा कि आज सिनेमा का सबसे अच्छा दौर चल रहा है। छोटी-छोटी भूमिकाओं में भी एक्टर अपनी अच्छी अदाकारी से बेहतरीन प्रभाव पैदा कर रहे हैं। श्री बुंदेला ने कहा कि किसी भी फिल्म में कैरेक्टर कितना भी साधारण हो अभिनेता अपने अभिनय से उसे बेहतर बना लेता है। उन्होंने कहा कि हमारी जिंदगी भी कुछ इसी तरह की होती है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने बारे में विचार करे और अपनी वास्तविकता जान ले तो वह आगे बढ़ सकता है।  हमारे सामने हमारे उद्देश्य एकदम स्पष्ट होने आवश्यक हैं।इस अवसर पर उन्होंने  विद्यार्थियों को करियर के टिप्स भी दिए।

इस अवसर उन्होंने कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी से भेंट कर उन्हें तथा विद्यार्थियों को खजुराहो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में सिनेमा तथा इससे जुड़े विषयों पर कई मास्टर क्लास भी आयोजित होंगी।

इस कार्यक्रम में विषय की भूमिका विभागाध्यक्ष डा. पवित्र श्रीवास्तव ने रखी। उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संयोजन सिनेमा विभाग के वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डाॅ. गजेंद्र अवास्या ने किया। कार्यक्रम में दोनों विभागों के विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित थे।


डा. पवित्र श्रीवास्तव

विभागाध्यक्ष

विज्ञापन एवं जनसंपर्क विभाग

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here