नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर समाजवादी पार्टी ने कड़ी निंदा की है।
सपा नेता शैंकी वर्मा ने बयान जारी कर कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे अखिलेश यादव जी को हिरासत में लेना निंदनीय और लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। शैंकी वर्मा ने कहा कि जब विपक्ष चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल पूछता है तो सरकार जवाब देने के बजाय पुलिस के दम पर आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। लोकतंत्र में चुनाव आयोग से सवाल पूछना अपराध नहीं है। वोट जनता का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जी को हिरासत में लेने से सवाल खत्म नहीं होंगे, बल्कि और तेज होंगे। अगर चुनाव व्यवस्था पारदर्शी है तो सरकार और चुनाव आयोग को तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए, दमन का सहारा नहीं लेना चाहिए। सपा नेता ने मांग की है कि अखिलेश यादव समेत हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को तत्काल रिहा किया जाए और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का सार्वजनिक व पारदर्शी जवाब दिया जाए।

No comments:
Post a Comment