Breaking

Your Ads Here

Thursday, October 1, 2026

सीईसी के खिलाफ जंतर-मंतर पर हल्लाबोल, अनुमति नहीं मिलने पर भी पहुंचे प्रदर्शनकारी,सौरभ भारद्वाज हिरासत में


नित्य संदेश एजेंसी 
नई दिल्ली। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार 2 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर बवाल मच गया। वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बुलाई गई इस प्रदर्शन की दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था, इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंच गए।

प्रदर्शन का आह्वान ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण की ओर से किया गया था। आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी), एसएफआई और डीवाईएफआई के कार्यकर्ता भी सुबह 11 बजे से मार्च की तैयारी में जुटे थे।

सुरक्षा के मद्देनजर नई दिल्ली जिले में धारा 163 लागू कर दी गई है। जंतर-मंतर रोड पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई है। करीब 5 हजार पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा कारणों से 11 स्टेशनों के गेट बंद कर दिए हैं।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति किसी को धरना, नारेबाजी या भाषण की इजाजत नहीं दी जाएगी। वहीं प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।  

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here