नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूट और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और छीना गया बैग व मोबाइल बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, देर रात थाना कंकरखेड़ा पुलिस अपराध रोकथाम के लिए चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि जटोली फाटक से जटोली फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्ते पर तीन संदिग्ध व्यक्ति किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी सिटी के निर्देशन और सीओ दौराला के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। खुद को घिरा देख अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त -
- विशाल चौधरी पुत्र अशोक चौधरी निवासी श्याम वाटिका, थाना पल्लवपुरम, मेरठ उम्र 28 वर्ष।
- गौरव पुत्र मुकेश निवासी ग्राम जटोली, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ उम्र 26 वर्ष।
- मुकुल चौहान उर्फ मच्छर पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी गायत्रीपुरम कॉलोनी, थाना पल्लवपुरम, मेरठ उम्र 27 वर्ष।
बरामदगी - 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्कूटी UP15DY6740, 01 छीना गया बैग और 01 मोबाइल फोन।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उक्त बैग उन्होंने 02.10.2026 को खिर्वा रोड पर एक महिला से छीना था, जिसके संबंध में थाना कंकरखेड़ा पर मु0अ0सं0 737/2026 धारा 304(2) बीएनएस पंजीकृत है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस टीम पर फायरिंग और अवैध शस्त्र बरामदगी के संबंध में थाना कंकरखेड़ा पर मु0अ0सं0 739/2026 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

No comments:
Post a Comment