Breaking

Your Ads Here

Friday, October 9, 2026

केबीसी की हॉट सीट तक पहुंची मेरठ की बेटी, अमहेड़ा आदिपुर की प्रधान ऋचा सिंह ने बढ़ाया जिले का मान

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। मेरठ के लिए गर्व का पल। राजपुरा विकास खंड के गांव अमहेड़ा आदिपुर की पूर्व प्रधान और वर्तमान में प्रशासक ऋचा सिंह ने वो कर दिखाया है जो हर किसी का सपना होता है। वह लोकप्रिय टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की हॉट सीट तक पहुंची हैं। उनके इस चयन के बाद न सिर्फ उनका गांव बल्कि पूरा मेरठ, वेस्ट यूपी और उत्तर प्रदेश गौरवान्वित है। आज पूरे देश में ऋचा सिंह की चर्चा हो रही है।

गांव की जिम्मेदारी संभालते हुए राष्ट्रीय मंच तक का सफर तय करने वाली ऋचा सिंह का चयन 'यशस्वी प्रधान' प्रतियोगिता के जरिए हुआ। मंडल और प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई। गांव में कराए गए विकास कार्यों के मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया और इसी उपलब्धि के आधार पर KBC के लिए उनका चयन हुआ। जानकारी के अनुसार, बुधवार को ऋचा सिंह अपने पति रोबिन सिंह सिवाच के साथ मुंबई की फिल्म सिटी पहुंचीं। गुरुवार दोपहर 2 बजे से शो की शूटिंग शुरू हुई जो देर रात तक चली।

जब सदी के महानायक से हुई मुलाकात
शूटिंग के दौरान जब ऋचा सिंह को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से मिलने का मौका मिला तो उन्होंने अपने शहर मेरठ और अपने गांव अमहेड़ा आदिपुर का विशेष जिक्र किया। अमिताभ बच्चन ने भी मेरठ के बारे में काफी रुचि दिखाई और गांव के माहौल, संस्कृति और विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जाना।

असल में अमिताभ बच्चन की कर्मभूमि इलाहाबाद भी एक ऐतिहासिक शहर है और मेरठ का नाम भी किसी परिचय का मोहताज नहीं है। पौराणिक नगरी होने के साथ-साथ 1857 की क्रांति की साक्षी रही इस धरती की पहचान देश ही नहीं दुनिया तक है। ऐसे में जब एक ही प्रदेश की दो शख्सियतें मिलीं तो बातचीत का सिलसिला लंबा चल निकला।

ऋचा सिंह ने कहा - "सदी के महानायक से इस जन्म में मिलना किसी उपलब्धि से कम नहीं है।"

उनके पति रोबिन सिंह सिवाच ने बताया कि अमिताभ बच्चन ने उनसे गांव में कराए गए विकास कार्यों और उनके पीछे के आइडिया के बारे में भी पूछा, जिसका ऋचा ने बखूबी जवाब दिया। इस उपलब्धि के बाद गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ऋचा सिंह ने प्रधान के पद को सिर्फ पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी समझकर काम किया और आज उसी का परिणाम है कि एक छोटे से गांव की बेटी राष्ट्रीय टेलीविजन की सबसे बड़ी हॉट सीट तक पहुंच गई।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here