Breaking

Your Ads Here

Sunday, October 11, 2026

पुलिस मुठभेड़ में फायरिंग का वांछित बदमाश घायल, गिरफ्तार


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फायरिंग की घटना में वांछित एक बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के निवासी ने फायरिंग को लेकर तहरीर दी थी। इसके आधार पर थाना ब्रह्मपुरी पर मुकदमा संख्या 401/2026 पंजीकृत किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी के पर्यवेक्षण में थाना ब्रह्मपुरी पुलिस वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में संलिप्त एक अभियुक्त बच्चा कब्रिस्तान वाले कच्चे रास्ते से माधवपुरम से लिसाड़ीगेट जाएगा और उसके पास अवैध हथियार है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जुनैद पुत्र अनीस खलीफा (22) निवासी ऊंचा सिद्दीकनगर, थाना लिसाड़ीगेट गोली लगने से घायल होकर गिर गया। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।

घायल बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और नाल में फंसा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में थाना ब्रह्मपुरी पर मुकदमा संख्या 404/2026 पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जुनैद का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना लिसाड़ीगेट, लोहियानगर और ब्रह्मपुरी में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश काम्बोज, उपनिरीक्षक हिमांशु भारद्वाज, सौरभ यादव, अविरल मिश्र, प्रदीप कुमार, कांस्टेबल सिद्धांत कुमार, वीरेन्द्र कुमार और गौरव कुमार शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here