रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति के छठे संस्करण के शुभारंभ पर थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र में विशेष पदयात्रा का आयोजन किया गया। इसमें अखिल विद्या सेवा ट्रस्ट, मिशन शक्ति की टीम तेजस्विनी और थाना परीक्षितगढ़ परिवार का विशेष योगदान रहा। पदयात्रा का शुभारंभ थाना प्रभारी केदार सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नारी शक्ति के सम्मान में मिशन शक्ति 6.0 शुरू किया है। इस मिशन के तहत नारी सुरक्षा कवच को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय नारी परिषद की अध्यक्ष पूनम रुहेला ने नारी शक्ति से संगठित और जागरूक रहने की अपील की। टीम तेजस्विनी की अध्यक्ष स्वाति चौधरी ने बताया कि मिशन शक्ति 6.0 के तहत सभी स्कूल, कॉलेज, नगर और गांवों में विशेष टीमें बनाई जाएंगी ताकि मिशन धरातल पर दिखाई दे। मिशन शक्ति प्रभारी एवं प्रशिक्षण अधिकारी एसआई आरती यादव ने अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने का आह्वान किया। अखिल विद्या सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु अवतार रुहेला ने कहा कि टीम तेजस्विनी हर नारी का सुरक्षा कवच बनेगी और इसमें पुलिस व सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा।
बताया गया कि नवरात्रि के दौरान टीम तेजस्विनी द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पदयात्रा के समापन पर थाना अध्यक्ष केदार सिंह और एसआई आरती यादव को ट्रस्ट द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान कृष्ण गोपाल शर्मा, ऋतु गौतम, गीता सैनी, एसआई अंकुर यादव, विनय प्रताप, कुलदीप यादव सहित पुलिसकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment