नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। समाजवादी आंदोलन के महानायक, स्वतंत्रता सेनानी, शलाका पुरुष और समाजवादी पार्टी के प्रेरणा स्रोत, चौखंभा राज की परिकल्पना को संकल्पित करने वाले महान समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के 59वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बच्चा पार्क, मेरठ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई और कोटि-कोटि नमन किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. लोहिया कहा करते थे - "जिंदा कौमें 5 साल इंतजार नहीं करतीं, सड़कें जब सूनी हो जाएंगी तो संसद आवारा हो जाएगी।" डॉ. लोहिया ने अपने जीवन पर्यंत अनेक कार्यक्रमों में यह बात कही थी, और आज उनकी यह बात सत्य साबित हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है, संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला हो रहा है, न्यायपालिका को पंगु बनाने का षड्यंत्र किया जा रहा है। देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है, देश विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है और डबल इंजन की सरकार मौन है।
डॉ. लोहिया के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताए रास्ते पर चलते हुए सड़क से लेकर सदन तक गरीबों, किसानों, मजदूरों, अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों, महिलाओं, छात्रों और नौजवानों को न्याय दिलाने के लिए उनके विचारों को आत्मसात कर संघर्ष को आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी पार्षद दल के पूर्व नेता अफजाल सैफी, समाजवादी युवजनसभा के पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद वसीम राहुल, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व पार्षद संगीता राहुल, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के पूर्व प्रदेश सचिव मोहम्मद चांद, महानगर समाजवादी पार्टी के उपाध्यक्ष संजय यादव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment