Saturday, October 10, 2026

प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट 17 अक्टूबर से, 18 टीमें लेंगी हिस्सा

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के मैदान पर स्कूली क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'प्रथम ऑल इंडिया इंटर स्कूल चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट' का आयोजन 17 अक्टूबर से किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की कुल 18 टीमें भाग ले रही हैं।


टूर्नामेंट के अध्यक्ष एवं गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने बताया कि मेरठ में स्कूली क्रिकेट के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। वहीं, टूर्नामेंट की उपाध्यक्ष एवं उप-प्रधानाचार्या प्रभा राव के अनुसार, आईपीएल की तर्ज पर पहली बार स्कूली क्रिकेट में रंग-बिरंगी पोशाकों (कलर ड्रेस) में मैच कराए जाएंगे। आयोजन सचिव अतहर अली ने जानकारी दी कि 17 अक्टूबर को उद्घाटन के दिन 10 से 13 वर्ष आयु वर्ग की सब-जूनियर टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने में प्रबंधक स. इंद्रजीत सिंह सालवान, यश करण सिंह सालवान तथा मुस्कान खितोलिया का विशेष सहयोग मिल रहा है।


प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया है:

सब-जूनियर वर्ग (10 से 13 वर्ष):कुसुम पब्लिक स्कूल, रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल (मवाना), गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल (दिल्ली रोड), ऋषभ एकेडमी और ट्रांसलैम इंटरनेशनल स्कूल।

जूनियर वर्ग (14 से 15 वर्ष): कुसुम पब्लिक स्कूल, बी.एन.जी. इंटरनेशनल स्कूल (किला रोड), दर्शन एकेडमी, ऋषभ एकेडमी और राधा गोविंद पब्लिक स्कूल।

सीनियर वर्ग (16 से 19 वर्ष): राधा गोविंद पब्लिक स्कूल, शार्पन पब्लिक स्कूल, गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, डी.पी.एस. (बहसूमा), ऋषभ एकेडमी, दीवान पब्लिक स्कूल और जे.एम.एस. वर्ल्ड स्कूल (हापुड़)।


No comments:

Post a Comment