Breaking

Your Ads Here

Friday, October 9, 2026

वार्ड-06 में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, लोगों ने किया हंगामा

 


-जलभराव और अंधेरे से त्रस्त जनता, पार्षद ने नगरायुक्त को सौंपा ज्ञापन


सुमित सेन

नित्य संदेश, मेरठ। नगर निगम के वार्ड-06 में व्याप्त गंभीर समस्याओं को लेकर पार्षद प्रशांत कसाना ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है। शुक्रवार को दिए गए ज्ञापन में वार्ड की 6 प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि वार्ड-06 के कई इलाके आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।


कुण्डा शंकर नगर फेज-1 पिछले 30-35 वर्षों से नगर निगम में शामिल है, लेकिन आज तक यहां नाली, सड़क, पेयजल पाइपलाइन और लाइट की व्यवस्था नहीं है। रास्ते कच्चे हैं, झाड़-झंखाड़ और जंगल होने से जंगली जानवर, सांप-कीड़े निकलते हैं। थोड़ी सी बरसात में ही जलभराव हो जाता है। कुण्डा बस्ती में कुछ दिन पहले टीटू हलवाई की दुकान से सोनू के मकान तक बने लगभग 100 मीटर नाले को बेहद नीचा और खराब बनाया गया है। मुख्य मार्ग से लिंक मार्ग नीचा होने से नाले व बरसात का पानी हमेशा जमा रहता है, बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और बीमारियां पनप रही हैं। नाले को सही बनाकर लिंक गलियों में सड़क-नाली बनाने की मांग की। वेदव्यासपुरी सेक्टर-1 में ए और बी पॉकेट में सीवर चोक होने से स्थायी जलभराव है, जिससे सारी सड़कें टूट गई हैं। सुन्दरा उर्फ पूठा वाल्मीकि मोहल्ला में चरण सिंह के मकान से कमल सिंह के मकान तक और वाल्मीकि मंदिर से रूनू के मकान तक नाली-सड़क नहीं है। कीचड़ व जलभराव से निकलने का रास्ता तक नहीं है।


मोहकमपुर में गली नं. 2, 3, 4, 5 नीची व खराब होने से हमेशा जलभराव रहता है। वार्ड का क्षेत्रफल अधिक होने से अधिकांश जगहों पर लाइटें नहीं हैं, जिससे रात में अंधेरा रहता है। सर्दी में कोहरे के चलते समस्या और बढ़ेगी। पार्षद प्रशांत कसाना ने मांग की है कि वार्ड-06 में तत्काल प्रभाव से नाली, सड़क, नाला निर्माण, पेयजल पाइपलाइन और अधिक से अधिक लाइटें लगवाई जाएं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here