नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में सोमवार को पुलिसकर्मियों के लिए कार्डियो एवं CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को हृदय स्वास्थ्य, कार्डियो एक्सरसाइज तथा आपातकालीन परिस्थितियों में CPR देने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान डॉ. मनीषा त्यागी, अध्यक्ष आईएमए, डॉ. विकास गुप्ता, सचिव आईएमए, डॉ. आलोक अग्रवाल, डॉ. राहुल गुप्ता, कार्डियोलॉजिस्ट एवं डॉ. मान्या त्यागी ने पुलिसकर्मियों को हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हृदय संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों की पहचान, समय पर प्राथमिक सहायता और CPR की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को CPR का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं डेमोंस्ट्रेशन भी कराया गया, ताकि वे आकस्मिक परिस्थितियों में किसी पीड़ित व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक सहायता प्रदान कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ CPR जैसी जीवनरक्षक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान देकर आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी सहायता के लिए सक्षम बनाना रहा।
No comments:
Post a Comment