Tuesday, September 8, 2026

नशे के खिलाफ CCSU की मुहिम: गोद लिए गांवों में जागरूकता कार्यक्रमों से दिया नशामुक्त समाज का संदेश o

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कुलाधिपति के निर्देशानुसार एवं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उन्नत भारत अभियान सेल द्वारा गोद लिए गए ग्राम सिखेड़ा, राजपुर, लालपुर (माछरा ब्लॉक, मेरठ), डालमपुर, मीरपुर एवं भदौरा (रोहटा ब्लॉक, मेरठ) में “नशा मुक्त गाँव अभियान” के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जागरूकता गोष्ठी, खुले मंच, नुक्कड़ नाटक तथा सेरेमनी चौपाल आदि का आयोजन कर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया गया।


टीम को रवाना करते समय संस्थान के निदेशक प्रोफेसर नीरज सिंघलने कहा कि नशा समाज के विकास में एक गंभीर बाधा है। विश्वविद्यालय द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जा रहा नशा मुक्त गाँव अभियान युवाओं एवं ग्रामीणों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक एवं उन्नत भारत अभियान सेल के समन्वयक इंजीनियर आशुतोष मिश्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा ग्रामीण समुदाय की सहभागिता से गांवों को नशामुक्त बनाने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित कराने में संस्थान की ओर से डॉ. निधि चौहान, डॉ. विजय कुमार, इंजीनियर पारुल वार्ष्णेय, इंजीनियर प्रवीण कुमार, रंजू अरोड़ा, रितु शर्मा, रीता सिंह, वीरेंद्र सिंह एवं डॉ. प्रवीण कुमार सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।


कार्यक्रम में Mental Health Mission India की विशेषज्ञ प्रिया पाल एवं शिवानी शर्मा ने विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता करते हुए ग्रामीणों एवं युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य, नशे के दुष्प्रभावों तथा नशे से बचाव के उपायों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रमों में Student Volunteers के रूप में अमन गुप्त, अनन्या त्यागी, शगुन पाल एवं अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए ग्रामीणों को जागरूक करने में सहयोग किया। प्रो० आर.के. सोनी, डीन, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी तथा प्रो० संजय कुमार, अध्यक्ष, मनोविज्ञान विभाग एवं मानद अध्यक्ष, Mental Health Mission India, मेरठ ने कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर पूरी टीम को बधाई दी तथा इस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

No comments:

Post a Comment