अनधिकृत बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, "ऑपरेशन कवच 2.0" के तहत 8 वाहन जब्त, 20 के चालान

नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद मेरठ में अनधिकृत रूप से संचालित यात्री वाहनों, विशेषकर बसों के विरुद्ध "ऑपरेशन कवच 2.0" के अंतर्गत विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
विभाग द्वारा 7 सितंबर 2026 की रात्रि को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुधांशु रंजन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विकास यादव तथा यात्री कर अधिकारी श्रीमती नीलम के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक तथा यातायात निरीक्षक एवं यातायात उप निरीक्षक की टीम भी उपस्थित रही। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा बिना वैध दस्तावेजों के किराए-भाड़े पर चलाए जा रहे वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान कुल 8 वाहनों को जब्त किया गया तथा विभिन्न अपराधों में 20 वाहनों का चालान किया गया। जांच के दौरान बस बॉडी कोड, सीट व्यवस्था, निकास द्वार, सुरक्षा उपकरण तथा चालक के वैध दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि समस्त बसों को बस बॉडी कोड का पूर्ण अनुपालन करना अनिवार्य है। बस में सीटों की निर्धारित संख्या में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जा सकता, निर्धारित एवं सुगम निकास द्वार होना चाहिए तथा कार्यशील अग्निशामक यंत्र उपलब्ध होना आवश्यक है। चालक के पास वाणिज्यिक वाहन चलाने हेतु वैध चालन अनुज्ञप्ति के साथ पुलिस सत्यापन भी होना चाहिए। किसी भी निजी वाहन का किराए अथवा भाड़े पर संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित एवं दंडनीय है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन जब्ती, चालान, परमिट निरस्तीकरण तथा अन्य कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान 9 सितंबर 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। जनता से अपील की गई है कि अनधिकृत अथवा असुरक्षित यात्री वाहनों की सूचना परिवहन कार्यालय, मेरठ को अवश्य दें।
No comments:
Post a Comment