नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ उपायुक्त उद्योग द्वारा मुख्य विकास अधिकारी, अन्य अधिकारीगण एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुआ।
बैठक में लोहिया नगर स्थित कैंची कलस्टर में पुलिस चौकी की स्थापना का मुद्दा प्रमुखता से उठा। अध्यक्ष ने बताया कि मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा चिन्हित भूमि पर पुलिस चौकी निर्माण हेतु उच्च अधिकारियों से धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। धनराशि मिलते ही निर्माण कार्य करा दिया जाएगा। इस पर अध्यक्ष महोदया ने चौकी की स्थापना शीघ्र कराने के निर्देश दिए। मेवला फ्लाईओवर की सड़क मरम्मत को लेकर अधिशासी अभियंता, नगर निगम ने बताया कि कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं सचिव, आईआईए ने अमर उजाला से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक बने नाले की फेंसिंग वॉल की मरम्मत कराने का अनुरोध किया। इस पर अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि नाले के निर्माण हेतु अनुबंध गठित हो चुका है, सर्वे, डिजाइन एवं ड्राइंग का कार्य प्रगति पर है। अनुमोदन के बाद कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। अध्यक्ष महोदया ने कार्य शीघ्र शुरू कराकर उसके फोटोग्राफ उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्पोर्ट्स एन्क्लेव में साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था न होने के मुद्दे पर नगर निगम ने बताया कि वहां कूड़े के ढेर हटवा दिए गए हैं तथा नाले की सफाई करा दी गई है। इस पर अध्यक्ष महोदया ने प्रकरण को निक्षेपित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, अधिशासी अभियंता, नगर निगम, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा, सहायक आयुक्त स्टाम्प नवीन कुमार शर्मा सहित औद्योगिक संगठनों से न्यू वीवर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष बुन्दू खान अंसारी, राजेंद्र प्रसाद, साई इलेक्ट्रिकल्स व अन्य उद्यमीगणों ने प्रतिभाग किया।
बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग द्वारा किया गया। अंत में उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पाण्डेय ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं उद्यमी संगठनों को धन्यवाद देते हुए बैठक का समापन किया।
No comments:
Post a Comment