-प्रबंध निदेशक ने मेरठ स्थित बॉडी वार्न कैमरों के सर्वर रूम का किया औचक निरीक्षण
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता द्वारा मेरठ स्थित बॉडी वार्न कैमरों के
सर्वर रूम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक द्वारा
विद्युत चोरी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा
संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने निर्देशित किया कि विद्युत चोरी के
विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई के दौरान बॉडी वार्न कैमरों का अधिकतम एवं अनिवार्य
रूप से उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान की जाने वाली
फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी पूरी सावधानी एवं उचित दूरी से की जाए, जिससे मौके पर
उपलब्ध सभी दस्तावेजों और कार्रवाई से संबंधित तथ्यों की स्पष्ट रिकॉर्डिंग हो
सके। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई में पारदर्शिता,
निष्पक्षता एवं जवाबदेही अत्यंत महत्वपूर्ण है। बॉडी वार्न कैमरों एवं
वीडियोग्राफी के माध्यम से कार्रवाई का समुचित रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से जांच एवं
प्रवर्तन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सकेगा तथा सतर्कता टीमों द्वारा
की जाने वाली कार्रवाई की प्रभावशीलता में भी वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक द्वारा मौके पर बॉडी वार्न कैमरों की
कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बॉडी वार्न
कैमरे पूर्ण रूप से कार्यशील स्थिति में रहें तथा इनसे संबंधित आवश्यक उपकरण जैसे
बेल्ट आदि पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहना सुनिश्चित किया जाए। प्रबंध निदेशक ने
निर्देश दिए कि चेकिंग रिपोर्ट की भी वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने
अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत चोरी के मामलों में नियमानुसार प्रभावी
कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ
प्रवर्तन कार्रवाई में निर्धारित प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन, पारदर्शिता एवं
जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

No comments:
Post a Comment