-भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और सुरक्षाकर्मियों को किया गया तैनात
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र स्थित केसरगंज मंडी में मस्जिद निर्माण को लेकर
उपजे विवाद के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी संभावित
टकराव और कानून-व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने के लिए पूरे इलाके को छावनी में
तब्दील कर दिया गया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और
सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
दरअसल, केसरगंज मंडी स्थित एक मस्जिद में चल रहे निर्माण/मरम्मत कार्य को लेकर
पिछले कुछ दिनों से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस के अनुसार, मस्जिद की ऊपरी
मंजिल पर चल रहे निर्माण कार्य को करीब एक महीने पहले स्थानीय व्यापारियों की
शिकायत पर रोक दिया गया था। इसी बीच हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी
चौधरी ने मस्जिद को अवैध बताते हुए मंगलवार शाम 6 बजे तक गिराने, अन्यथा पूरे दलबल
के साथ पहुंचकर हनुमान चालीसा पाठ करने का अल्टीमेटम जारी करते हुए वीडियो वायरल
किया। इसके बाद अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही
ने भी इसी तरह का ऐलान किया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने
सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी। मस्जिद तक पहुंचने वाले दोनों प्रवेश द्वारों पर
बैरिकेड लगाकर आवाजाही नियंत्रित कर दी गई और पांच थानों की पुलिस तैनात की गई।
आने-जाने वालों की आईडी चेक की और केसरगंज बाजार बंद करा दिया।
मेरठ नहीं पहुंच पाए पिंकी चौधरी
पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश
अध्यक्ष ललित कुमार को टोल पर ही रोक दिया, जबकि सचिन सिरोही को नजरबंद कर दिया
गया। पिंकी चौधरी मेरठ नहीं पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिद में नमाज के लिए
बाहर से आने वालों को अनुमति नहीं दी गई, केवल मुतवल्ली और पदाधिकारी ही पहुंचे।
ये कहना है एसपी सिटी का
मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर ने एसपी (अपराध) से मिलकर वीडियो वायरल करने वालों
के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने
बताया कि मस्जिद के बाहर बैरियर लगाए गए हैं और बाहरी लोगों के आवागमन पर रोक है।
कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस
ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment