Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 2, 2026

मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय बनाने में जुटी सरकार, मंत्री ने निर्माण में तेजी के निर्देश दिए


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को सरकार विश्वस्तरीय खेल केंद्र के रूप में विकसित करने में जुटी है। बुधवार को प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मंत्री ने सबसे पहले हेल्थ सेंटर और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद शैक्षणिक भवन और कक्षाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल इमारतों का समूह नहीं, बल्कि खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान का ऐसा केंद्र बने, जहां प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए बेहतर माहौल मिले।

छात्रावासों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बालक और बालिका छात्रावासों में बन रहे त्रि-सीटर कमरों, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, वेंटिलेशन और स्वच्छता की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पॉकेट-2 में मंत्री ने एथलेटिक ट्रैक, इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, फुटबॉल और हॉकी मैदान की प्रगति देखी। उन्होंने निर्माणदायी संस्था को अतिरिक्त मानव संसाधन और मशीनरी लगाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बाद में सभा कक्ष में लोक निर्माण विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया। मंत्री ने कहा कि निर्माण में तेजी जरूरी है, लेकिन गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यवार निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना पर जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल शिक्षा को मजबूत करने और प्रतिभाओं को अवसर देने की सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। यहां युवाओं को खेल शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अनुसंधान के बेहतर अवसर मिलेंगे।

निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई, कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वित्त अधिकारी पंकज कुमार चतुर्वेदी, कुलसचिव सुनील कुमार झा, मुख्य अभियंता अवधेश शरण चौरसिया, अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ और विद्युत अधिशासी अभियंता दीपक अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here